व्हीकल्स के लिए कल-पुर्जे बनाने वाली कंपनी एश्योरेंस इंटरनेशनल (Assurance Intl Ltd) अपनी ग्रोथ स्ट्रैटेजी के तहत अगले दो साल में भारत में 2,000 लोगों को काम पर रखने की योजना बना रही है। कंपनी ने शुक्रवार, 27 सितंबर को बयान में कहा कि वह विभिन्न वैश्विक ब्रांड्स के लिए लाइसेंस प्राप्त प्रोडक्ट्स की बिक्री बढ़ाने की योजना बना रही है। भर्ती अभियान भारत के प्रमुख क्षेत्रों में टॉप टैलेंट को आकर्षित करने पर केंद्रित होगा। इसमें इंजीनियरिंग, सेल्स, कस्टमर सपोर्ट और ऑपरेशंस में विविध अवसर प्रदान किए जाएंगे।
एश्योरेंस इंटरनेशनल के सीईओ मुकेश शर्मा ने कहा, “नए 2,000 पद जोड़ने से न केवल हमारी रणनीतिक पहल को सपोर्ट मिलेगा, बल्कि बिक्री बढ़ाने और असाधारण कस्टमर वैल्यू डिलीवर करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।”
वर्तमान में कंपनी में 500 कर्मचारी
यह भर्ती पहल तेजी से विकसित हो रहे ऑटोमोटिव स्पेस में प्रतिस्पर्धी बने रहने के लिए एश्योरेंस इंटरनेशनल की लॉन्ग टर्म स्ट्रैटेजी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। कंपनी लुब्रिकेंट्स, बैटरी, फिल्टर, एक्सेसरीज और अन्य स्पेयर पार्ट्स बनाती और बेचती है। इसका हेडक्वार्टर गुरुग्राम में है। कंपनी के कर्मचारियों की संख्या करीब 500 है।
एश्योरेंस इंटरनेशनल लुब्रिकेंट्स ऑयल, ऑटोमोटिव और इंडस्ट्रियल फिल्टर और ऑटोमोटिव बैटरी, इंडस्ट्रियल बैटरी और UPS के एसटीपी ब्रांड के लिए एनर्जाइजर ऑटो इंक, यूएसए की आधिकारिक लाइसेंसिंग पार्टनर है। यह गुडइयर लुब्रिकेंट्स की भी पार्टनर है।