ATF price cut: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन कीमतों में नरमी के चलते एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) की दरों में रविवार को 2.82% की कटौती की गई। यह लगातार तीसरा महीना है, जब ATF की कीमतों में कटौती की गई है। इससे एयरलाइंस पर ईंधन लागत का बोझ कुछ कम होने की उम्मीद है।
अब राजधानी दिल्ली में ATF की कीमत ₹2,414.25 प्रति किलोलीटर घटकर अब ₹83,072.55 प्रति किलोलीटर पर आ गई है। इससे पहले 1 मई को 4.4% और 1 अप्रैल को 6.15% की कटौती की गई थी।
देश की अन्य मेट्रो सिटीज में भी कीमतें घटी हैं। नई कीमतें इस प्रकार हैं:
एविएशन सेक्टर में ATF कुल ऑपरेटिंग कॉस्ट का लगभग 40% होता है। ऐसे में यह कटौती एयरलाइंस की ऑपरेटिंग कॉस्ट पर राहत देने वाली मानी जा रही है। इसमें ज्यादा राहत मिलने पर हवाई किराया भी कम हो सकता है। हालांकि, किसी भी प्रमुख एयरलाइन की ओर से इस पर आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है।
कमर्शियल LPG सिलेंडर ₹24 सस्ता
सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी ₹24 की कटौती की है। इसके बाद नई दरें दिल्ली में ₹1,723.50 और मुंबई में ₹1,647.50 प्रति सिलेंडर हो गई हैं। यह अप्रैल और मई में क्रमशः ₹41 और ₹14.50 की कटौती के बाद तीसरी बार राहत दी गई है।
घरेलू LPG की कीमतों में बदलाव नहीं
घरेलू रसोई गैस (14.2 किलोग्राम सिलेंडर) की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में यह ₹853 प्रति सिलेंडर पर जस की तस बनी हुई है। अप्रैल में इसमें ₹50 की वृद्धि की गई थी।
पेट्रोल-डीजल का दाम भी जस का तस
अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतें हाल के महीनों में घटी हैं, लेकिन देश में पेट्रोल और डीजल की खुदरा दरें अब भी स्थिर हैं। दिल्ली में पेट्रोल ₹94.72 और डीजल ₹87.62 प्रति लीटर पर टिका हुआ है। इन दरों में पिछली बार मार्च 2024 में ₹2 प्रति लीटर की कटौती की गई थी।
ATF और एलपीजी की कीमतें हर महीने की पहली तारीख को इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) द्वारा अंतरराष्ट्रीय कीमतों और एक्सचेंज रेट के औसत के आधार पर संशोधित की जाती हैं।