जनवरी में पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (Paytm Payments Bank Ltd) पर रिजर्व बैंक की कार्रवाई के बाद कम से कम 3 बडे़ बैंकों के पेमेंट ऐप के डाउनलोड में काफी बढ़ोतरी देखने को मिली है। न्यूयॉर्क की एनालिटिक्स फर्म ऐपफिगर्स (Appfigures) के डेटा से यह जानकारी मिली है। यह डेटा मनीकंट्रोल के पास उपलब्ध है। रिजर्व बैंक ने 31 जनवरी को पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (PPBL) पर कारोबारी पाबंदियों लगाने का ऐलान किया था। ये पाबंदियां केवाईसी (KYC) और एंटी-मनी लॉन्ड्रिंग नियमों का पालन नहीं करने के मामले में लगाई गई हैं।
जिन तीन बैंकों के पेमेंट ऐप की डाउनलोडिंग में बढ़ोतरी हुई है, इनमें बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और ICICI बैंक शामिल हैं। पिछले 26 दिनों में बैंक ऑफ बड़ौदा के वर्ल्ड UPI ऐप में 44.3 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई है। ऐपफिगर्स के आंकड़ों के मुताबिक, 1 फरवरी को BOB World UPI का रोजाना डाउनलोड 4,515 था, जो 27 फरवरी को बढ़कर 6,513 हो गया।
इसी अवधि में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का डाउनलोड 9.5 पर्सेंट बढ़ गया। 1 फरवरी को YONO SBI का रोजाना डाउनलोड 61,943 था, जो 27 फरवरी तक बढ़कर 67,804 हो गया। इस दौरान ICICI बैंक का iMobile Pay app का डाउनलोड 15.8%, बढ़ गया। 1 फरवरी को इस ऐप के डाउनलोड की संख्या 10,040 थी, जो 27 फरवरी को 11,623 हो गई।
HDFC बैंक ऐप का डाउनलोड कम हुआ
संबंधित अवधि के दौरान HDFC बैंक के PayZapp app के डाउनलोड की संख्या में 46.7 पर्सेंट की गिरावट आई। 1 फरवरी को PayZapp के रोजाना डाउनलोड की संख्या 65,829 थी, जो 27 फरवरी को घटकर 35,056 हो गई। हालांकि, आंकड़ों के मुताबिक, 5 फरवरी को डाउनलोड की संख्या बढ़कर 72,512 हो गई थी। इस सिलसिले में HDFC बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, ICICI बैंक और SBI को भेजी गई ईमेल का कोई जवाब नहीं मिला।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?
फिनटेक इंडस्ट्री से जुड़ी एक्सपर्ट मोनिका जसुजा ने बताया, 'HDFC के PayZapp ऐप का फोकस प्रीमियम और हाई इनकम वाले यूजर्स पर है, जो गैर-शहरी लोगों के लिए ज्यादा अनुकूल नहीं जान पड़ता है।' उनका कहना था, 'Paytm के भविष्य को लेकर चिंताएं, पेमेंट्स बैंक संबंधी अफवाह आदि की वजह से यूजर्स शायद वैकल्पिक ऐप की तरफ जा रहे हैं। यही वजह है कि पिछले कुछ दिनों में पीएसयू बैंकों के पेमेंट्स ऐप डाउनलोड में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है।'