वॉल स्ट्रीट के सबसे बड़े बैंकों ने मार्च तिमाही में कमाया रिकॉर्ड मुनाफा, फिर भी निकाल दिए 7000 से ज्यादा कर्मचारी

मार्च 2026 में नौकरियों में हुई कटौती एक साल पहले की तुलना में काफी ज्यादा रही। बैंक अक्सर पहली तिमाही में ही स्टाफिंग से जुड़े फैसले लेते हैं। आमतौर पर उस समय जब बोनस दिए जाने होते हैं। नौकरियों में यह कटौती पिछले साल से चले आ रहे एक ट्रेंड का ही हिस्सा है

अपडेटेड Apr 16, 2026 पर 8:40 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
तिमाही के दौरान अमेरिका के 6 सबसे बड़े बैंकों ने कुल 47.3 अरब डॉलर का शुद्ध मुनाफा कमाया।

वॉल स्ट्रीट के सबसे बड़े बैंकों ने रिकॉर्ड कमाई के बावजूद पहली तिमाही यानि कि जनवरी-मार्च 2026 में 7,000 से ज्यादा नौकरियां कम कर दीं। इनमें से ज्यादातर नौकरियां वेल्स फार्गो एंड कंपनी में कम हुईं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कंपनी ने मार्च 2026 तिमाही के दौरान कर्मचारियों की संख्या में 4199 की कटौती की। सिटीग्रुप इंक. ने 2,000 और बैंक ऑफ अमेरिका कॉर्प. ने 1,073 नौकरियां कम कीं। वॉल स्ट्रीट के टॉप बैंकों में मॉर्गन स्टेनली, जेपी मॉर्गन चेस और गोल्डमैन सैक्स भी शामिल हैं।

तिमाही के दौरान अमेरिका के इन 6 सबसे बड़े बैंकों ने कुल 47.3 अरब डॉलर का शुद्ध मुनाफा कमाया। वह भी तब जब बाजार कई भू-राजनीतिक झटकों के कारण काफी अस्थिर रहे। अच्छे मुनाफे के बावजूद बैंकों की कर्मचारियों की संख्या कम करने की इच्छा यह दिखाती है कि वे कम संसाधनों में ज्यादा काम करना चाहते हैं। खासकर तब जब आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस (AI) में हो रही प्रगति उन्हें और भी ज्यादा कुशल बनाने में मदद करने वाली है।

रिपोर्ट के मुताबिक, वेल्स फार्गो के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर चार्ली शार्फ ने एनालिस्ट्स के साथ एक कॉन्फ्रेंस कॉल में कहा, "हम टेक्नोलॉजी (जिसमें AI भी शामिल है) और विज्ञापन जैसे क्षेत्रों में अपना निवेश बढ़ा रहे हैं। साथ ही अपनी कार्यक्षमता बेहतर बनाने की पहलों पर भी लगातार काम कर रहे हैं। इसी का नतीजा है कि हमने लगातार 23 तिमाहियों से कर्मचारियों की संख्या में कमी की है।" नौकरियों में यह कटौती पिछले साल से चले आ रहे एक ट्रेंड का ही हिस्सा है, जब सबसे बड़े बैंकों ने लगभग 10 साल की सबसे बड़ी छंटनी की थी।


पिछले साल से काफी ज्यादा है मार्च 2026 तिमाही की छंटनी का आंकड़ा

यह सच है कि बैंक अक्सर पहली तिमाही में ही स्टाफिंग से जुड़े फैसले लेते हैं। आमतौर पर उस समय जब बोनस दिए जाने होते हैं। मार्च 2026 में नौकरियों में हुई कटौती एक साल पहले की तुलना में काफी ज्यादा रही। पिछले साल इसी अवधि में इन बैंकों ने मिलकर कुल 707 कर्मचारियों की छंटनी की थी। वॉल स्ट्रीट पिछले कई सालों से कर्मचारियों की संख्या को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है। लेकिन AI के इस दौर ने बैंकरों और ट्रेडरों के मन में नई तरह की घबराहट पैदा कर दी है कि यह टेक्नोलॉजी उनके रोजमर्रा के काम-काज को किस तरह प्रभावित करेगी।

BBC में बड़ी छंटनी की तैयारी, 2000 कर्मचारियों की जाएगी नौकरी; खर्चों में 10% कटौती का है लक्ष्य

इस हफ्ते बैंकों के आला अधिकारियों को एनालिस्ट्स की ओर से सवालों की एक पूरी झड़ी का सामना करना पड़ा। उनसे पूछा गया कि वे AI का इस्तेमाल किस तरह कर रहे हैं। Citigroup के अधिकारियों ने बताया कि कंपनी के 224,000 कर्मचारियों में से 80% से ज्यादा लोग कंपनी के AI टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे उनकी ट्रेडिंग टीमों के हर महीने काम के लगभग 1,700 घंटे बच रहे हैं। गोल्डमैन सैक्स के CEO डेविड सोलोमन ने एक कॉन्फ्रेंस कॉल में कहा, "जब भी किसी नई टेक्नोलॉजी में तेजी आती है, तो उसमें कुछ रुकावटें, जोखिम से जुड़े मुद्दे और कुछ बदलाव (recalibrations) जरूर आते हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।