डी-मार्ट (D-Mart) स्टोर्स की श्रृंखला चलाने वाले एवेन्यू सुपरमार्ट्स (Avenue Supermarts) के शेयर सोमवार को इंट्रा-डे ट्रेड में बीएसई पर 5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8 महीने के निचले स्तर 3,486 रुपये पर पहुंच गए। इसकी तुलना में सुबह 11:34 बजे एसएंडपी बीएसई सेंसेक्स 0.91 फीसदी की गिरावट के साथ 54,335 अंक पर कारोबार कर रहा था।
पिछले दो दिनों में इस स्टॉक में 12 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली थी। आज यह शेयर अपने 11 अगस्त, 2021 के बाद के अपने सबसे निचले स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसने 18 अक्टूबर, 2021 को अपने 52-सप्ताह के उच्च स्तर 5,899.90 रुपये से 41 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की है।
पिछले छह महीनों में एसएंडपी बीएसई सेंसेक्स में 10 प्रतिशत की गिरावट की तुलना में स्टॉक ने 26 प्रतिशत की गिरावट के साथ बाजार में अंडरपरफॉर्म किया है।
एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने शुक्रवार को कहा कि कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक 14 मई को होने वाली है। इसमें 31 मार्च, 2022 को समाप्त तिमाही और वित्तीय वर्ष के लिए ऑडिटेड फाइनेंशियल स्टेटमेंट्स पर विचार किया जायेगा और उसे मंजूरी दी जायेगी।
जनवरी-मार्च तिमाही (Q4FY22) के कारोबारी अपडेट में कंपनी ने कहा कि उसने ओमीक्रोन कोविड -19 वैरिएंट के कुछ प्रभाव के चलते थोड़ा कम रेवन्यू दर्ज किया था। स्टैंडअलोन रेवन्यू सालाना आधार पर 18 प्रतिशत बढ़कर 8,606 करोड़ रुपये हो गया, जो कि 4QFY20 के रेवन्यू से 39 प्रतिशत अधिक रहा।
बिजनेस स्टैंडर्ड में छपी खबर के मुताबिक एक्सिस म्यूचुअल फंड ट्रस्टी लिमिटेड ए / सी एक्सिस म्यूचुअल फंड एवेन्यू सुपरमार्ट्स का सबसे बड़ा संस्थागत शेयरधारक है। शेयरहोल्डिंग पैटर्न डेटा के मुताबिक इसकी मार्च 2022 तिमाही के अंत में 3.56 प्रतिशत हिस्सेदारी रही है।
देश के सातवें सबसे बड़े फंड हाउस एक्सिस म्यूचुअल फंड (एमएफ) ने अपने फंड के प्रबंधन में अनियमितता के आरोपों में अपने दो फंड मैनेजर वीरेश जोशी और दीपक अग्रवाल को निलंबित कर दिया है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)