Mukesh Ambani led Reliance Industries : अरबपति बिजनेसमैन मुकेश अंबानी की अगुआई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) ने शनिवार को कहा कि उसने न्यूयॉर्क के एक प्रीमियम लक्जरी होटल मंदारिन ओरिएंटल (Mandarin Oriental) को 9.815 करोड़ डॉलर में खरीदने के लिए एक समझौता किया है।
स्टॉक एक्सचेंजेस में दिए एक स्टेटमेंट में, कंपनी ने कहा कि आरआईएल की एक इकाई रिलायंस इंडस्ट्रियल इनवेस्टमेंट एंड होल्डिंग्स लिमिटेड (आरआईआईएचएल) ने केमैन आइसलैंड में गठित कंपनी कोलम्बस सेंटर कॉरपोरेशन (केमैन) और मंदारिन ओरिएंटल न्यूयॉर्क 73.37 फीसदी स्टेक के इनडायरेक्ट ओनर की पूरी इश्यूड शेयर कैपिटल खरीदने के लिए एक समझौता किया है।
हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में और भी हैं आरआईएल के निवेश
यह अधिग्रहण आरआईएल की अपने कंज्यूमर और हॉस्पिटैलिटी कारोबार को बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है। ग्रुप का ईआईएच (ओबेरॉय होटल्स) में निवेश है और बकिंघमशायर में 300 एकड़ का स्टोक पार्क कंट्री क्लब खरीदा है। आरआईएल मुंबई में बांद्रा-कुर्ला कॉम्पलेक्स एक कन्वेंशन सेंटर, होटल और मैनेज्ड रेजिडेंसेस भी विकसित कर रही है।
वैश्विक स्तर पर खासा प्रतिष्ठित है यह होटल
मंदारिन ओरिएंटल न्यूयॉर्क 80 कोलम्बस सर्किल पर स्थित है, जो सेंट्रल पार्क और कोलम्बस सर्किल के पास है। इसका रेवेन्यू 2018 में 11.5 करोड़ डॉलर, 2019 में 11.3 करोड़ डॉलर और 2021 1.5 करोड़ डॉलर रहा था। आरआईएल ने एक स्टेटमेंट में कहा कि 2003 में स्थापित यह होटल वैश्विक स्तर पर खासा प्रतिष्ठित है और कई अहम पुरस्कार भी जीते हैं।
मार्च, 2022 तक पूरा होगा सौदा
आरआईएल ने कहा, “यह सौदा मार्च, 2022 तक पूरा होने का अनुमान है और इसके लिए कई औपचारिक रेग्युलेटरी और अन्य मंजूरियां लेनी होंगी। साथ ही कई अन्य शर्तें पूरी करनी होंगी। होटल के अन्य मालिकों के इस बिक्री सौदे में भाग लेने के क्रम में, आरआईआईएचएल इनडायरेक्ट 73.37 फीसदी स्टेक के अधिग्रहण में लगाई गई वैल्युएशन के आधार पर ही बाकी 26.63 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी जाएगी।”
शुक्रवार को आरआईएल का शेयर 0.8 फीसदी की मजबूती के साथ 2,435.95 पर बंद हुआ था।
डिसक्लेमर : मनीकंट्रोल, नेटवर्क 18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क 18 पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का नियंत्रण है, जिसकी एक मात्र बेनीफिशियरी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।