Budget 2023: भारत का बजट 2023 पेश होने में अब करीब 7 दिन ही बचे हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के केंद्रीय बजट 2023 से सरकारी कर्मचारी खास उम्मीदें लगाए बैठें हैं। साल 2024 में लोकसभा के चुनाव होने वाले हैं और ये लोकसभा चुनावों से पहले मोदी सरकार का अंतिम पूर्ण बजट है। ऐसे में सरकार सरकारी कर्मचारियों के लिए बजट में लोकलुभावन घोषणाएं कर सकती है। केंद्रीय कर्मचारी उम्मीद कर रहे हैं कि बजट में ऐसी घोषणाएं हो सकती है जिससे कर्मचारियों की सैलरी बढ़े। सरकार बजट 2023 में फिटमेंट फैक्टर बढ़ाने का ऐलान कर सकती है। साथ 8वें वेतन आयोग लाने को लेकर भी सरकार कोई घोषणा कर सकती है।
1 फरवरी को वित्तमंत्री कर सकती हैं ये ऐलान
1 फरवरी को बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय कर्मचारियों के लिए सैलरी बढ़ाने की घोषणा कर सकती है। सरकारी काफी लंबे समय से सैलरी रिवाइज करने की मांग कर रहे हैं। इस मामले में सरकारी कर्मचारियों की एसोसिएशन के साथ कई बार चर्चा भी हो चुकी है। सरकार बजट में फिटमेंट फैक्टर बढ़ाने को लेकर घोषणा कर सकती है। फिटमेंट फैक्टर बढ़ने से कर्मचारियों की सैलरी बढ़ जाएगी।
8वें वेतन आयोग को लेकर कर सकती है ऐलान
यूनियन बजट 2023 में 8th Pay Commission को लेकर सरकार अपना फॉर्मूला पेश कर सकती है। सरकार ऐसा करती है छोटे पदों पर काम कर रहे सरकारी कर्मचारियों को फायदा होगा क्योंकि उनकी सैलरी में बड़ा इजाफा देखने को मिल सकता है। हालांकि, ये माना जा रहा है कि सरकार आठवें वेतन आयोग को लाने में एक साल का समय लगा सकती है।
हाउस बिल्डिंग अलाउंस पर बढ़ सकता है ब्याज
सरकारी कर्मचारियों को घर बनाने या मरम्मत के लिए सरकार हाउस बिल्डिंग अलाउंस (HBA) देती है। ये पैसा एक तरह का एडवांस होता है जो सरकारी कर्मचारी को दिया जाता है। इस एडवांस पर सरकार कर्मचारियों से ब्याज वसूलती है। अभी ये दर 7.1 फीसदी थी जिसे सरकार बढ़ाकर 7.5 फीसदी कर सकती है। सरकार घर बनाने या मरम्मत के लिए दिये जाने वाले एडवांस को 25 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर सकती है।