Budget 2023: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने आज मुफ्त खाद्यान्न योजना (Free Foodgrains Scheme) पर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने ऐलान किया कि खाद्य सुरक्षा को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है। ऐसे में 1 जनवरी, 2023 से एक साल के लिए सभी अंत्योदय और प्राथमिकता वाले परिवारों को पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना (PM Garib Kalyan Anna Yojana) के तहत मुफ्त खाद्यान्न की आपूर्ति करने की योजना को लागू किया जा रहा है।
पिछले महीने बंद हो गई थी PM Garib Kalyan Anna Yojana
पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना को कोरोना महामारी के दौरान गरीबों की सहायता के लिए शुरू किया गया था। इस योजना को कई बार विस्तार किया गया था और पिछले साल दिसंबर 2022 में इसकी टाइमलाइन पूरी हो गई थी। हालांकि अब फिर इसे एक साल के लिए और बढ़ा दिया गया।
सरकार गरीब परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के जरिए 5 किग्रा अनाज देती है। हालांकि कोरोना महामारी के चलते दिक्कतें बढ़ी तो सरकार ने प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA), 2013 के तहत 5 किलोग्राम अतिरिक्त अनाज (गेहूँ या चावल) मुफ्त में उपलब्ध कराने के लिए ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ शुरू किया। पहले इसे अप्रैल-जून 2022 तक लाया गया था। अब तक यह स्कीम छह चरणों में चल चुकी है। पहला चरण अप्रैल- जून 2020, दूसरा जुलाई- नवंबर 2020, तीसरा मई- जून 2021, चौथा जुलाई- नवंबर 2021, पांचवा दिसंबर- मार्च 2022 और छठा मार्च-सितंबर 2022। इस योजना का फायदा करीब 80 करोड़ राशनकार्डधारकों को मिलता है।