Budget 2023: दिल्ली में एक व्यक्ति आज एक लीटर दूध की थैली के लिए 2022 की शुरुआत के मुकाबले कम से कम 8 रुपये ज्यादा चुकाता है। इसकी वजह Amul और Mother Dairy की तरफ से कई बार अपने दूध के दाम बढ़ाना है। Parle G बिस्कुट के सबसे छोटे पैक की कीमत अब भी 5 रुपये है, लेकिन इस पैकेट का वजन घट गया है। बिस्कुट बनाने में इस्तेमाल होने वाली चीजों की कीमतें बढ़ने की वजह से कंपनी ने पैकेट का वजट घटाया है। आटा की कीमत करीब 20 फीसदी बढ़ चुकी है। डिटर्जेंट ब्रांड सर्फ एक्सेल की कीमत भी 8-10 फीसदी बढ़ चुकी है। 2022 में FMCG कंपनियों को डबल चैलेंज का सामना करना पड़ा है। एक तरह ग्रामीण इलाकों में मांग कमजोर बनी हुई है तो दूसरी तरफ इनफ्लेशन ने उनकी मुश्किल बढ़ाई है। इनफ्लेशन की वजह से गावों में लोगों के खर्च करने की क्षमता में कमी आई है। उन्होंने अपनी खपत घटाई या वे सस्ते ब्रांड्स खरीद रहे हैं। रूस-यूक्रेन में लड़ाई की वजह से कमोडिटी की कीमतों में उछाल आया है। इससे कंपनियों के प्रोडक्ट्स की कॉस्ट बढ़ गई है। एफएमसीजी कंपनियों ने बढ़ी कॉस्ट का बोझ ग्राहकों पर डाला है।
