Budget 2024: वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से देश का अंतरिम बजट पेश किया गया। इस दौरान निर्मला सीतारमण ने कई अहम ऐलान जरूर किए लेकिन किसी भी बड़े ऐलान से परहेज किया। साथ ही इस दौरान निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में केंद्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में भी जानकारी दी। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से बताया गया कि उन्होंने स्किल इंडिया मिशन के तहत करोड़ों लोगों को प्रशिक्षित किया है। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण का कहना है कि स्किल इंडिया मिशन ने 1.4 करोड़ युवाओं को प्रशिक्षित किया।
युवाओं को किया प्रशिक्षित
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी को देश का अंतरिम बजट पेश करते हुए कहा कि सरकार के कौशल भारत मिशन ने 1.4 करोड़ युवाओं को प्रशिक्षित किया है और 54 लाख युवाओं को कुशल बनाया है। युवा सरकार के 2024 के केंद्रीय बजट फोकस के चार प्रमुख स्तंभों में से एक है। अन्य फोकस क्षेत्र गरीब, महिलायें और अन्नदाता (किसान) होंगे।
विश्वविद्यालय स्थापित किए
बजट पेश करते हुए सीतारमण ने साझा किया कि सरकार ने "7 आईआईटी, 16 आईआईआईटी, 7 आईआईएम और 15 एआईआईएम सहित उच्च शिक्षा के बड़े संस्थान स्थापित किए हैं और 390 विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं।" उन्होंने कहा, "कौशल भारत मिशन ने 1.4 करोड़ युवाओं को प्रशिक्षित किया है, 54 लाख युवाओं को उन्नत और पुन: कुशल बनाया है।"
सीतारमण ने अपने बजट भाषण में कहा कि जब पीएम मोदी ने 2014 में काम शुरू किया, तब देश भारी चुनौतियों का सामना कर रहा था। हमने जनता के हित में काम शुरू किया, जनता को ज्यादा से ज्यादा रोजगार के अवसर दिए हैं। देश में नई उम्मीद जगी है। हमने व्यापक विकास की बात की, हम 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र से आगे बढ़ रहे हैं।
वहीं सीतारमण ने महिला सशक्तिकरण के कार्यों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार के जरिए महिला सशक्तिकरण के लिए बहुत सारे कार्य किए गए हैं। पीएम आवास योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में 70% से अधिक घरों की मालकिन महिलाएं हैं। मुद्रा योजना के अंतर्गत महिलाओं को 30 करोड़ से अधिक ऋण दिए गए हैं।