Union Budget 2023: सरकार के बजट सत्र (Budget Session) के दूसरे हिस्से की बैठकें संसद की नई इमारत में होने की उम्मीद है। संसद की नई इमारत का उद्घाटन मार्च में होने की संभावना है। मार्च में ही बजट सत्र का दूसरा चरण शुरू होने वाला है। अधिकारियों ने बताया कि संसद की नई इमारत को पूरा करने का काम तेजी से चल रहा है। इसके फरवरी तक पूरा हो जाने की उम्मीद है। सूत्रों ने बताया कि बजट सत्र के दूसरे चरण की बैठकें संसद की नई इमारत में होने की उम्मीद है। आम तौर पर बजट सत्र के दो चरण होते हैं। पहले चरण की शुरुआत 30 या 31 जनवरी को होती है।
31 जनवरी, 2023 को शुरू होगा संसद का बजट सत्र
इस बार भी इसके 31 जनवरी, 2023 को शुरू होने की उम्मीद है। संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupaudi Murmu) संबोधित करेंगी। इसके बाद 1 फरवरी को फाइनेंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) यूनियन बजट पेश करेंगी।
पुरानी इमारत के बगल में है नई बिल्डिंग
आम तौर पर संसद के बजट सत्र का पहला चरण 8 या 9 फरवरी को खत्म हो जाता है। दूसरे चरण की शुरुआत मार्च के दूसरे हफ्ते में होती है। यह चरण मई की शुरुआत तक चलता है। सूत्रों ने बताया कि बजट सत्र का दूसरा चरण नई इमारत में होने की उम्मीद है, जो संसद की पुरानी इमारत के बगल में है। पिछले हफ्ते हाउसिंग एंड अर्बन अफेर्स मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरा ने कहा था कि संसद की नई इमारत का निर्माण कार्य तेज रफ्तार से चल रहा है। संसद की नई इमारत सेंट्रल विस्टा का हिस्सा है, जो देश में पावर का केंद्र होगा।
दो साल पहले हुआ था शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद की नई इमारत का शिलान्यास दिसंबर 2020 में किया था। टाटा प्रोजेक्ट्स नई बिल्डिंग बनाने का काम कर रही है। इसमें एक विशाल कस्टीट्यूशन हॉल भी होगा, जिसमें जिसमें भारत की लोकतांत्रिक विरासत को दिखाया जाएगाी। संसद सदस्यों के लिए एक लाउन्ज होगा। एक लाइब्रेरी, समितियों के लिए कई कमरें, डाइनिंग एरिया और पर्याप्त पार्किंग स्पेस होगा। संसद की नई इमारत 64,500 वर्ग मीटर में फैली है। यह मौजूदा इमारत से 17,000 वर्ग मीटर बड़ी है। नए लोकसभा का आकार मौजूदा सदन से लगभग तिगुना है। इसमें लोकसभा के 888 सदस्य बैठ सकते हैं। राज्यसभा की क्षमता 326 सीटों की है। नई इमारत तीन मंजिल वाली है।