Budget 2024: साल 2019 की तरह क्या फिर इस साल अंतरिम बजट में बढ़ेगा इनकम टैक्स स्लैब!

एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस बार भी चुनावों को देखते हुए सरकार बड़े ऐलान कर सकती है। वह इनकम टैक्सपेयर्स को राहत देने के साथ ही किसानों, युवाओं, महिलाओं के लिए बड़े ऐलान कर सकती है। इसके अलावा 1 फरवरी, 2024 को पेश बजट में वित्तमंत्री केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बता सकती है। इससे बजट भाषण लंबा होने के आसार हैं। किसानों की सम्मान निधि को सालाना 6,000 रुपये से बढ़ाकर 8,000 रुपये किया जा सकता है

अपडेटेड Dec 13, 2023 पर 1:30 PM
पूर्ण बजट जुलाई में आएगा। 2024 के अप्रैल-मई में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। इसके बाद केंद्र में जो नई सरकार बनेगी वह पूर्ण बजट पेश करेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदा सरकार 1 फरवरी को अपना अंतिम बजट पेश करेगी। यह वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का भी अंतिम बजट होगा। लोकसभा चुनावों के बाद नई सरकार का वित्त मंत्री पूर्ण बजट पेश करेगा। सवाल है कि क्या 1 फरवरी, 2024 को पेश होने वाले अंतरिम बजट (Interim Budget) में सरकार बड़े एलान करेगी? आम तौर पर अंतरिम बजट में सरकार बड़े ऐलान करने से बचती है। लेकिन, 2019 में पेश बजट को देखने से ऐसा नहीं लगता है। तब केंद्रीय मंत्री पीयू। गोयल ने 1 फरवरी, 2019 को अंतरिम बजट पेश किया था। उन्होंने उस बजट में कई बड़े ऐलान किए थे। उन्होंने इनकम टैक्स के मामलों में टैक्सपेयर्स को बड़ी राहत दी थी। साथ ही किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का ऐलान किया था। माना गया था कि दो महीने बाद होने वाले लोकसभा चुनावों को देखते हुए ये ऐलान किए थे। इस बार भी अप्रैल-मई में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में वित्त मंत्री बड़े ऐलान कर सकती हैं।

पीयूष गोयल ने किए थे बड़े ऐलान

2019 के अंतरिम बजट में पीयूष गोयल ने इनकम टैक्सपेयर्स को बड़ी राहत दी थी। उन्होंने सालाना 5 लाख रुपये तक की इनकम को इनकम टैक्स से एग्जेम्प्शंस का ऐलान किया था। उन्होंने यह भी कहा था कि डिडक्शंस और एग्जेम्प्शन का पूरा लाभ उठाने पर 6.5 लाख रुपये की सालना इनकम पर भी टैक्स लायबिलिटी जीरो हो जाएगी। उन्होंने स्टैंडर्ड लिमिट को भी 25 फीसदी बढ़ाने का ऐलान किया था। स्टैंडर्ड डिडक्शन 40,000 रुपये से बढ़कर 50,000 कर दिया था। इन दोनों ऐलान से टैक्सपेयर्स को बहुत फायदा हुआ था। खासकर नौकरी करने वाले लोगों को इनकम टैक्स के मामले में बड़ी राहत मिली थी।


यह भी पढ़ें : Union Budget 2024 : अंतरिम बजट की शुरुआत कब हुई थी, क्या है इसका इतिहास?

किसानों और टैक्सपेयर्स को दी थी बड़ी राहत

गोयल का दूसरा बड़ा ऐलान किसानों से जुड़ा था। उन्होंने 2 हेक्टेयर तक जमीन वाले किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का ऐलान किया था। सरकार ने इस योजना के दायरे में आने वाले किसानों को सालाना 6,000 रुपये देने का ऐलान किया था। तब यह कहा गया था कि सरकार ने चुनावों को देखते हुए किसानों को यह सौगात दी है। यह माना गया था कि इस ऐलान से भाजपा को किसानों का वोट हासिल करने में मदद मिलेगी।

इस बार भी बड़े ऐलान कर सकती है सरकार

एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस बार भी चुनावों को देखते हुए सरकार बड़े ऐलान कर सकती है। वह इनकम टैक्सपेयर्स को राहत देने के साथ ही किसानों, युवाओं, महिलाओं के लिए बड़े ऐलान कर सकती है। इसके अलावा 1 फरवरी, 2024 को पेश बजट में वित्तमंत्री केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बता सकती है। इससे बजट भाषण लंबा होने के आसार हैं। किसानों की सम्मान निधि को सालाना 6,000 रुपये से बढ़ाकर 8,000 रुपये किया जा सकता है। सरकार महिलाओं के लिए इसी तरह की योजना का ऐलान कर सकती है। सरकार मध्य प्रदेश सरकार की लाडली बहना योजना के तर्ज पर नई योजना का ऐलान कर सकती है। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जीत में बड़ा हाथा माना जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।