दिवाली से कार और बाइक खरीदना हो जाएगा सस्ता, सरकार 28% से घटाकर 18% कर सकती है GST

ऑटोमोबाइल सेक्टर को इस दिवाली सरकार बड़ा तोहफा दे सकती है। खबर है कि पैसेंजर व्हीकल्स (PVs) और टू-व्हीलर्स पर गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) 28% से घटाकर 18% करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इससे गाड़ियों की कीमतों में सीधे तौर पर कमी आएगी और ग्राहकों के लिए उनकी अफोर्डेबिलिटी बढ़ेगी

अपडेटेड Aug 18, 2025 पर 10:01 AM
Story continues below Advertisement
फिलहाल सभी पैसेंजर व्हीकल्स और टू-व्हीलर्स पर 28% GST लगता है

ऑटोमोबाइल सेक्टर को इस दिवाली सरकार बड़ा तोहफा दे सकती है। खबर है कि पैसेंजर व्हीकल्स (PVs) और टू-व्हीलर्स पर गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) 28% से घटाकर 18% करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इससे गाड़ियों की कीमतों में सीधे तौर पर कमी आएगी और ग्राहकों के लिए उनकी अफोर्डेबिलिटी बढ़ेगी।

फिलहाल सभी पैसेंजर व्हीकल्स पर 28% GST लगता है। इसके अलावा, इंजन क्षमता, गाड़ी की लंबाई और बॉडी टाइप के आधार पर 1% से 22% तक का सेस लगाया जाता है। इस वजह से कुछ वाहनों पर लगने वाला कुल टैक्स 50% तक पहुंच जाता है। हालांकि, इलेक्ट्रिक कारों पर अभी सिर्फ 5% ही GST है और कोई सेस नहीं है।

टू-व्हीलर्स पर भी 28% GST लागू है। 350cc तक इंजन क्षमता वाले मॉडलों पर कोई सेस नहीं है, जबकि 350cc से ऊपर वाले मॉडलों पर 3% सेस लगाया जाता है।


GST स्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव

GST काउंसिल की ओर से गठित तीन ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स (GoMs) की इस हफ्ते बैठक होगी। इसमें जीएसटी स्ट्रक्चर को सरल बनाने के प्रस्ताव पर चर्चा होगी। नए प्रस्ताव के तहत 5% और 18% के टैक्स स्लैब बरकरार रखे जाएंगे। वहीं 12% और 28% के टैक्स स्लैब को खत्म किया जा सकता है। इससे कार और टू-व्हीलर दोनों सेगमेंट को फायदा होगा। हालांकि, लग्जरी कार जैसे ‘सिन गुड्स’ पर टैक्स 40% तक रखा जा सकता है।

पीएम मोदी का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने संबोधन में संकेत दिया था कि इस दिवाली जनता को बड़ा तोहफा मिलेगा। उन्होंने कहा, “इस दिवाली, मैं इसे आपके लिए डबल दिवाली बनाने जा रहा हूं। आप सबको बहुत बड़ा तोहफा मिलने वाला है। हमने आठ साल पहले GST लागू कर टैक्स व्यवस्था को सरल किया और अब इसकी समीक्षा का समय है। हमने हाई पावर कमेटी बनाई है और राज्यों से चर्चा की है। अब हम GST सुधारों की अगली पीढ़ी लेकर आ रहे हैं। इससे आम आदमी पर टैक्स का बोझ घटेगा, MSMEs और छोटे उद्यमियों को बड़ा लाभ मिलेगा और रोजमर्रा की चीजें सस्ती होंगी।”

इंडस्ट्री की मांग और चुनौतियां

ऑटो सेक्टर के लिए यह कदम खास मायने रखता है। बढ़ती ब्याज दरें, अनिवार्य सिक्योरिटी फीचर्स और कार्बन उत्सर्जन मानकों के चलते गाड़ियों की कीमतें काफी बढ़ी हैं। मारुति सुजुकी इंडिया के चेयरमैन आरसी भार्गव, हीरो मोटोकॉर्प के कार्यकारी चेयरमैन पवन मुंजाल और बजाज ऑटो के मैनेजिंग डायरेक्टर एंड CEO राजीव बजाज लंबे समय से टू-व्हीलर्स और छोटी कारो पर GST को 28% से घटाकर 18% करने की मांग कर रहे हैं।

बिक्री के आंकड़े

वित्त वर्ष 2025 में छोटी कारों की बिक्री 11.58% घटकर 12,79,467 यूनिट्स रही, जबकि वित्त वर्ष 2024 में यह 14,47,060 यूनिट्स थी। वहीं एंट्री-लेवल मोटरसाइकिल (110cc तक इंजन क्षमता वाली बाइक्स) की बिक्री वित्त वर्ष 2025 में लगभग स्थिर रही और 56,57,125 यूनिट्स दर्ज की गई।

संभावित असर

एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर मोटरसाइकिल और छोटी कारों पर लगने वाली GST दरें घटकर 18% हो जाती हैं तो इससे गाड़ियों के एक्स-शोरूम प्राइस में भी सीधी कमी आएगी। इससे खासतौर से एंट्री-लेवल मॉडल्स की मांग बढ़ने की उम्मीद है, जहां रिकवरी अब तक धीमी रही है। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि टैक्स कटौती से सिर्फ बिक्री में ही तेजी नहीं आएगी, बल्कि ऑटोमोबाइल सेक्टर में मैन्युफैक्चरिंग ग्रोथ और नए रोजगार पैदा करने को भी बल मिलेगा।

यह भी पढ़ें- केंद्र सरकार द्वारा SIN प्रोडक्ट्स पर 40% GST लगाने पर विचार, तंबाकू और गेमिंग शेयरों की चाल सुस्त

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।