केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने वीएलसीसी लिमिटेड पर 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। मामला वजन घटाने के इलाजों से जुड़े भ्रामक विज्ञापनों का है। CCPA ने शनिवार को एक बयान में कहा कि यह जुर्माना VLCC पर 'कूलस्कल्प्टिंग' मशीन या प्रोसीजर का इस्तेमाल करके मोटापे और वजन घटाने के इलाज के बारे में भ्रम फैलाने वाले विज्ञापनों के लिए लगाया गया है।
बयान में कहा गया, ''जांच में पाया गया कि VLCC एक ही सेशन में तेजी से वजन घटने के बढ़ा-चढ़ाकर दावे कर रही थी। ये दावे US-FDA के अप्रूवल वाली कूलस्कल्प्टिंग मशीन को मिली वास्तविक मंजूरी से काफी ज्यादा थे, जिससे उपभोक्ताओं को गुमराह किया गया।'' VLCC का मामला एक शिकायत और ब्यूटी सेक्टर में विज्ञापनों की निगरानी के माध्यम से नजर में आया।
CCPA ने पाया कि VLCC के विज्ञापनों में कूलस्कल्पटिंग और संबंधित प्रोसीजर्स को स्थायी तौर पर वजन घटाने और साइज घटाने के समाधान के रूप में पेश किया गया। CCPA ने VLCC पर 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ-साथ कुछ दिशानिर्देश भी जारी किए हैं, जिनका पालन कंपनी को अपने भविष्य के विज्ञापनों में सख्ती से करना होगा।
VLCC के एड में क्या दावे और क्या है हकीकत
CCPA ने कहा है कि VLCC के कुछ कथित दावे इस तरह हैं, "एक सेशन में 600 ग्राम और 7 सेमी तक वजन कम करें", "एक सेशन में हमेशा के लिए एक साइज कम करें", "एक घंटे में एक साइज कम करें", और "VLCC आपके लिए लाया है एक वजन घटाने का एक अभूतपूर्व इलाज"। CCPA का कहना है कि ऐसे विज्ञापन भ्रामक हैं और उपभोक्ताओं को यह गलत धारणा देते हैं कि कूलस्कल्प्टिंग स्थायी और अच्छा खासा वजन घटाने की गारंटी देती है।
कैसे काम करती है कूलस्कल्प्टिंग
वास्तव में, यह प्रक्रिया केवल शरीर के खास हिस्सों में जमा फैट को कम करने के लिए और केवल 30 या उससे कम बॉडी मास इंडेक्स (BMI) वाले व्यक्तियों के लिए ही अप्रूव्ड है।" यह मशीन केवल ऊपरी बांह, ब्रा फैट, पीठ की चर्बी, बनाना रोल, सबमेंटल एरिया, जांघ, पेट और फ्लैंक जैसे एरियाज में जमा फैट के उभार को कम करने के लिए अप्रूव्ड है। इसलिए, यह वजन घटाने का इलाज नहीं है।
CCPA ने कहा, "इन महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाकर, VLCC ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 का उल्लंघन करते हुए उपभोक्ताओं को गुमराह किया है।" भविष्य में, VLCC को अपने विज्ञापनों में फैट कम करने के लिए शरीर के टारगेटेड खास हिस्सों, टर्म्स एंड कंडीशंस का स्पष्ट रूप से खुलासा करना चाहिए।