चैटजीपीटी (ChatGPT) की पैरेंट कंपनी ओपनएआई (OpenAI) में रोबोटिक्स और कंज्यूमर हार्डवेयर के प्रमुख कैटलिन कैलिनोव्स्की (Caitlin Kalinowski) ने अपना इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने शनिवार को इसका ऐलान किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कंपनी की अमेरिकी सरकार के रक्षा विभाग के साथ हुए समझौते को लेकर उन्हें चिंता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व नाम Twitter) पर एक पोस्ट में कैटलिन ने लिखा है कि ओपनएआई ने अपने एआई मॉडल को पेंटागन के क्लासिफाइड क्लाउड नेटवर्क पर तैनात करने के फैसले से पहले पर्याप्त समय नहीं लिया। ओपनएआई के सीईओ सैम आल्टमैन और कंपनी की टीम को लेकर उन्होंने सम्नान जताया लेकिन साथ ही यह भी कहा कि अमेरिकी डिफेंस विभाग यानी पेंटागन के साथ स्पष्ट सुरक्षा दिशानिर्देश तय किए बिना ही सौदे का ऐलान कर दिया गया। कैटलिन 2024 में ओपनएआई में शामिल हुए थे। इससे पहले वह मेटा प्लेटफॉर्म्स में ऑगमेंटेड रियलिटी हार्डवेयर विकास की कमान संभाल रहे थे।
क्या शिकायत है OpenAI के रोबोटिक्स हेड की?
अपने पद से इस्तीफा दे चुके ओपनएआई के रोबोटिक्स और कंज्यूमर हार्डवेयर के प्रमुख कैटलिन कैलिनोव्स्की का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा में एआई की भूमिका काफी अहम है लेकिन अमेरिकी नागरिकों पर बिना न्यायिक निगरानी के नजर रखना और इंसानी मंजूरी के बिना स्वायत्तता देना ऐसी सीमा हैं जिन पर इससे अधिक विचार-विमर्श होना चाहिए था। उनका कहना है कि ओपनएआई ने अपने एआई मॉडल को पेंटागन के क्लासिफाइड क्लाउड नेटवर्क पर तैनात करने के फैसले से पहले पर्याप्त समय नहीं लिया। उन्होंने बाद में X पर एक और पोस्ट में लिखा कि मु्ख्य रूप से यह एक गवर्नेंस यानी प्रशासनिक चिंता का विषय है और ये मुद्दे इतने महत्वपूर्ण हैं कि इन पर सौदे या ऐलान जल्दबाजी में नहीं होनी चाहिए।
पेंटागन के साथ डील के अगले दिन ओपनएआई ने कहा था कि उसके मॉडल में इसके इस्तेमाल से जुड़े मामलों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त उपाय शामिल हैं। कंपनी ने शनिवार को कहा कि उसकी “रेड लाइन्स” के तहत उसकी तकनीक का इस्तेमाल घरेलू निगरानी या स्वायत्त हथियारों के लिए नहीं किया जा सकता है। न्यूज एजेंसी रायटर्स से बातचीत में कंपनी ने कहा था कि इन मामलों पर एंप्लॉयीज, सरकार, सिविल सोसायटी और दुनिया भर की कम्युनिटीज से चर्चा जारी रहेगी।