अमेरिकी कंपनी क्लाउडफ्लेयर (Cloudflare) ने दुनिया भर में 1,100 से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। यह संख्या उसके कुल कर्मचारियों का लगभग 20 प्रतिशत है। छंटनी के पीछे वजह है कि कंपनी आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स को तेजी से अपनाने और ऑटोमेशन के हिसाब से अपने कामकाज को फिर से व्यवस्थित कर रही है।
क्लाउडफ्लेयर, इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर और साइबर सिक्योरिटी कंपनी है। CEO मैथ्यू प्रिंस का कहना है कि कंपनी ने मई महीने की शुरुआत में ही 20 प्रतिशत स्टाफ को नौकरी से निकाल दिया। सबसे ज्यादा असर मिडिल मैनेजमेंट पर पड़ा। छंटनी का ज्यादातर असर उन ऑपरेशनल और मैनेजमेंट फंक्शंस पर पड़ा है, जिन्हें अब AI प्रणालियों का इस्तेमाल करके ऑटोमेटेड या कंसोलिडेट किया जा सकता है।
Cloudflare ने मिडिल मैनेजमेंट में ऑपरेशंस टीम्स को आपस में मिला दिया है, और अपनी मार्केटिंग व फाइनेंस डिवीजंस के कुछ हिस्सों को सुव्यवस्थित किया है। 2025 के आखिर में कंपनी के पास 5,156 फुल-टाइम कर्मचारी थे। कंपनी ने छंटनी उस वक्त की है, जब उसने रेवेन्यू में रिकॉर्ड ग्रोथ दर्ज की है।
मुश्किल में नहीं है Cloudflare
छंटनी के कुछ ही दिनों बाद, क्लाउडफ्लेयर के CEO मैथ्यू प्रिंस ने वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) में एक लेख में जॉब कट के पीछे का अपना तर्क बताया। प्रिंस का कहना है कि 20 प्रतिशत से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से इसलिए नहीं निकाला गया क्योंकि Cloudflare मुश्किल में है। बल्कि ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि बिजनेस बदल रहा है, और भविष्य में सफल होने के लिए, कंपनी को भी इसके साथ बदलना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी ने रिकॉर्ड रेवेन्यू ग्रोथ हासिल की है, फ्री कैश फ्लो मजबूत है, और कंपनी दुनिया भर में बड़ी संख्या में नए ग्राहक जोड़ रही है। मैथ्यू प्रिंस ने अपने लेख में यह भी कहा है कि ऐसा नहीं है कि Cloudflare में नौकरियां सिर्फ जा रही हैं। कुछ क्षेत्रों में रिकॉर्ड संख्या में ओपनिंग्स भी हैं।
3 महीनों में AI का इस्तेमाल 6 गुना से भी ज्यादा बढ़ा
इससे पहले रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि CEO मैथ्यू प्रिंस और को-फाउंडर मिशेल जैटलिन ने कर्मचारियों को भेजे एक संदेश में कहा है कि कंपनी हर टीम और काम करने के तरीके को नए सिरे से सोच रही है। ऐसा इसलिए ताकि वे उस दौर में काम कर सकें, जिसे 'एजेंटिक AI युग' करार दिया गया है। क्लाउडफेयर का कहना है कि यह छंटनी कर्मचारियों के प्रदर्शन या कम समय के लिए लागत कम करने के दबाव की वजह से नहीं हो रही है। बल्कि कंपनी के अंदरूनी कामों और भूमिकाओं को नए सिरे से डिजाइन करने की वजह से की जा रही है। पिछले 3 महीनों में क्लाउडफेयर ने AI का इस्तेमाल 6 गुना से भी ज्यादा बढ़ा दिया है, जिसकी वजह से टीमों के काम करने के तरीके में बड़े बदलाव आए हैं।
छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों को क्या मिलेगा
क्लाउडफ्लेयर में छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों को 2026 के आखिर तक सेवरेंस पैकेज (निकाले जाने पर मिलने वाला मुआवजा), एक्सटेंडेड हेल्थकेयर बेनिफिट्स, और 15 अगस्त तक वेस्टेड इक्विटी मिलेगी। मेमो में यह भी कहा गया कि छंटनी के बारे में सीधे कर्मचारियों को बताने का फैसला मैनेजमेंट के चैनलों के बजाय सीधे फाउंडर्स की ओर से आया था।