Cafe Coffee Day : कैफे कॉफी डे यानी CCD नाम से कॉफी रिटेल चेन चलाने वाली कंपनी कॉफी डे एंटरप्राइजेज (Coffee Day Enterprises) वित्तीय संकट में फंसती दिख रही है। कंपनी का कुल डिफॉल्ट दिसंबर तिमाही में बढ़कर 434 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी ने बैंकों, वित्तीय संस्थानों और अन-लिस्टेड डेट सिक्योरिटीज के एवज में दिये जाने वाले 433.91 करोड़ रुपये के ब्याज और प्रिंसिपल अमाउंट को लौटाने में चूक की है।
कॉफी डे एंटरप्राइजेज का बयान
कॉफी डे एंटरप्राइजेज ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि नकदी संकट के कारण ब्याज और मूल राशि लौटाने में चूक हुई है। कंपनी को कर्ज पर प्रिंसिपल अमाउंट के लौटाने को लेकर 183.36 करोड़ रुपये देने थे, लेकिन वह इसका भुगतान नहीं कर पाई। इसके अलावा वह इसपर लगने वाले 5.78 करोड़ रुपये के ब्याज भुगतान भी नहीं कर पायी।
अन-लिस्टेड डेट सिक्योरिटीज
अन-लिस्टेड डेट सिक्योरिटीज के मामले में डिफॉल्ट अमाउंट 200 करोड़ रुपये हैं। जबकि ब्याज 44.77 करोड़ रुपये है। यह राशि 31 दिसंबर को दी जानी थी, लेकिन कंपनी नहीं दे पाई। कंपनी ने कहा, "ब्याज और मूल राशि के भुगतान में चूक के कारण बैंकों और वित्तीय संस्थानों ने कंपनी को लोन रिकॉल नोटिस भेजा है।"
जुलाई 2019 में फाउंडर चेयरमैन वी जी सिद्धार्थ के निधन के बाद कंपनी ने रिजॉल्यूशन ऑफ एसेट्स के माध्यम से कर्ज कम किया। मार्च 2020 में कंपनी ने कहा कि उसने अपने टेक बिजनेस पार्क को बेचने के लिए ब्लैकस्टोन ग्रुप के साथ एक डील करने के बाद 13 कर्जदाताओं को 1644 करोड़ रुपये चुकाए।