Reliance ने Disney से मिलाया हाथ, मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर में बिजनेस बढ़ाने की तैयारी

रिपोर्ट के मुताबिक मर्जर के तहत शेयरों और कैश के कॉम्बिनेशन के माध्यम से रिलायंस के पास 51 फीसदी हिस्सेदारी होगी। वहीं, डिज्नी के पास शेष 49 फीसदी हिस्सेदारी होगी। इसका मतलब है कि भारतीय अरबपति मुकेश अंबानी के रिलायंस ग्रुप के पास इसमें अधिक नियंत्रण होगा

अपडेटेड Dec 25, 2023 पर 1:58 PM
Story continues below Advertisement
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एंटरटेनमेंट कंपनी वॉल्ट डिज्नी के साथ नॉन-बाइडिंग डील की है।
     
     
    live
    Volume
    Todays L/H
    Details

    भारत की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) ने एंटरटेनमेंट कंपनी वॉल्ट डिज्नी (Walt Disney) के साथ नॉन-बाइडिंग डील की है। यह डील कंपनियों के इंडियन मीडिया ऑपरेशन के मर्जर के लिए की गई है। इसके तहत दोनों कंपनियां देश की सबसे बड़ी मीडिया और एंटरटेनमेंट बिजनस तैयार करेंगी। इकोनॉमिक टाइम्स ने आज 25 दिसंबर को सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है। यह डील फरवरी तक पूरी होने की संभावना है। रिलायंस ने रेगुलेटरी अप्रुवल के अधीन जनवरी के अंत तक प्रक्रिया को पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

    रिलायंस के पास होगी 51% हिस्सेदारी

    रिपोर्ट के मुताबिक मर्जर के तहत शेयरों और कैश के कॉम्बिनेशन के माध्यम से रिलायंस के पास 51 फीसदी हिस्सेदारी होगी। वहीं, डिज्नी के पास शेष 49 फीसदी हिस्सेदारी होगी। इसका मतलब है कि भारतीय अरबपति मुकेश अंबानी के रिलायंस ग्रुप के पास इसमें अधिक नियंत्रण होगा। रिलायंस और डिज्नी ने इस मामले पर रॉयटर्स के सवालों पर अब तक कोई टिप्पणी नहीं की है।


    रॉयटर्स ने दो हफ्ते पहले खबर दी थी कि कंपनी के अधिकारी मीडिया मर्जर के अगले स्टेज पर चर्चा के लिए लंदन में बैठक कर रहे हैं। मर्जर के बाद यह भारत की सबसे बड़ी एंटरटेनमेंट कंपनियों में से एक होगी। इसका मुकाबला जी एंटरटेनमेंट और सोनी के साथ ही नेटफ्लिक्स और एमेजॉन प्राइम जैसी स्ट्रीमिंग दिग्गजों के साथ होगा।

    रिलायंस अपनी मीडिया और एंटरटेनमेंट यूनिट Viacom18 के माध्यम से कई टीवी चैनल और JioCinema स्ट्रीमिंग ऐप चलाता है। बीते साल इंडियन प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट की मुफ्त स्ट्रीमिंग JioCinema पर की गई, जबकि पहले इसके डिजिटल राइट्स भारत में डिज्नी के पास थे।

    इससे हाल की तिमाहियों में डिज्नी के स्ट्रीमिंग ऐप हॉटस्टार से यूजर्स ने दूरी बना ली है। इस साल की शुरुआत से, डिज्नी अपने भारतीय बिजनेस के लिए बिक्री या ज्वाइंट वेंचर पार्टनरशिप की खोज कर रहा है, जिसमें कई टीवी चैनल शामिल हैं।

    इकोनॉमिक टाइम्स ने कहा कि इस डील में स्टॉक स्वैप के माध्यम से स्टार इंडिया का कंट्रोल लेने के लिए रिलायंस की Viacom18 के तहत एक यूनिट बनाई जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड में रिलायंस और डिज्नी के समान संख्या में डायरेक्टर्स के शामिल होने की उम्मीद है, जिनमें से प्रत्येक में कम से कम दो प्रतिनिधि होंगे। रिपोर्ट में कहा गया है कि वे कम से कम दो इंडिपेंडेंट डायरेक्टर रखने पर भी विचार कर रहे हैं, लेकिन आने वाले हफ्तों में इसमें बदलाव हो सकता है।

    (डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)

    हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।