Trump Speech: 'मेक अमेरिका अफोर्डेबल अगेन'... डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी नागरिकों को दिया टैक्स कटौती का तोहफा

डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए कहा, "हमारी सरकार इनकम टैक्स में परमानेंट कटौती लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसका सबसे ज्यादा फायदा उन अमेरिकियों को मिलेगा जो इस समय बढ़ती महंगाई से जूझ रहे हैं। मैं यह ऐलान करता हूं कि टिप्स, ओवरटाइम और सोशल सिक्योरिटी बेनेफिट्स पर अब कोई टैक्स नहीं लगेगा।"

अपडेटेड Mar 05, 2025 पर 11:45 AM
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनकी रेसिप्रोकल टैरिफ पॉलिसी (जैसे को तैसा टैक्स नीति) 2 अप्रैल 2025 से लागू होगी

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज 5 मार्च को अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए कई सामानों पर टैक्स घटाने का ऐलान किया। इसमें टिप्स, ओवरटाइम, सोशल सिक्योरिटी बेनेफिट्स, कार लोन पर ब्याज और घरेलू मैन्युफैक्चरिंग पर टैक्स छूट शामिल है। अपने संबोधन में ट्रंप ने कहा, "हमारी सरकार इनकम टैक्स में परमानेंट कटौती लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसका सबसे ज्यादा फायदा उन अमेरिकियों को मिलेगा जो इस समय बढ़ती महंगाई से जूझ रहे हैं। मैं यह ऐलान करता हूं कि टिप्स, ओवरटाइम और सोशल सिक्योरिटी बेनेफिट्स पर अब कोई टैक्स नहीं लगेगा।

अमेरिका में कार मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए ट्रंप ने कार लोन पर ब्याज भुगतान को टैक्स डिडक्टेबल बनाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा, ""मैं कार लोन पर ब्याज भुगतान को भी टैक्स डिडक्टेबल बनाना चाहता हूं, लेकिन केवल तभी जब कार अमेरिका में बनी हो।"

ट्रंप ने दावा किया कि ऑटो इंडस्ट्री में जबरदस्त ग्रोथ होने जा रहा है। उन्होंने कहा, "हम ऑटो उद्योग में ऐसा ग्रोथ देखने वाले हैं, जैसा पहले कभी नहीं हुआ। सभी जगह नए-नए प्लांट खुल रहे हैं, बड़ी डील्स हो रही हैं, और यह सब हमारे चुनावी जीत और टैरिफ नीतियों का परिणाम है।"


उन्होंने कहा, "हमारी बाकी नीतियों के साथ-साथ यह ऐलान अकेले ही हमारे ऑटो इंडस्ट्री को पूरी तरह से फलने-फूलने देगा। कई कार कंपनियों ने घोषणा की है कि वे अमेरिका में बड़े ऑटोमोबाइल प्लांट बनाएंगी। होंडा ने हाल ही में इंडियाना में एक नए प्लांट का ऐलान किया है, जिसे दुनिया के सबसे बड़े प्लांट्स में से एक बताया जा रहा है।"

राष्ट्रपति ट्रंप ने घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए 100% टैक्स कटौती की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह कटौती 20 जनवरी 2025 की पिछली तारीख से रेट्रोस्पेक्टिव रूप से लागू होगी, जिससे अमेरिकी कंपनियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा, "हम घरेलू उत्पादन और मैन्युफैक्चरिंग पर टैक्स में 100% तक कटौती करने जा रहे हैं, जैसा हमने पिछली बार किया था। पिछली बार हमारी टैक्स कटौती ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था को सबसे मजबूत बनाया था और जिससे हमें अपने देश के इतिहास में सबसे सफल अर्थव्यवस्था मिली थी। इस बार भी यह हमारी अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।"

नई टैरिफ पॉलिसी 2 अप्रैल से लागू होगी

ट्रंप ने यह भी घोषणा की कि उनकी रेसिप्रोकल टैरिफ पॉलिसी (जैसे को तैसा टैक्स नीति) 2 अप्रैल 2025 से लागू होगी। इस मतलब है कि जो देश अमेरिका सामानों पर जितना टैक्स लगाते हैं, अमेरिका भी उनके सामनों पर उतना ही टैक्स लगाएगा।

यह भी पढ़ें- US Impose Tariff on India: ट्रंप के टैरिफ चपेट में आया भारत, अमेरिका ने दी कड़वी गोली, 2 अप्रैल से लगेगा जवाबी टैक्स

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।