Dulux की मालिक और डच कंपनी अक्जोनोबेल एनवी (AkzoNobel NV) भारत में अपने डेकोरेटिव पेंट कारोबार के लिए विकल्पों का मूल्यांकन कर रही है। अनुमान है कि कंपनी हिस्सेदारी बिक्री या पार्टनरशिप का रास्ता अपना सकती है। एनालिस्ट्स के साथ पोस्ट अर्निंग्स कॉल में अक्जोनोबेल एनवी ने विशेष रूप से आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी ग्रासिम इंडस्ट्रीज और एशियन पेंट्स का हवाला दिया।
कंपनी ने संकेत दिया कि वह सभी विकल्पों पर विचार कर रही है। इसमें मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन क्षमताओं वाले पार्टनर के साथ पार्टनरशिप में जूनियर रोल से लेकर भारतीय बाजार से पूरी तरह एग्जिट करने तक कुछ भी शामिल हो सकता है।
डेकोरेटिव पेंट सेगमेंट में बढ़ रहा कॉम्पिटीशन
अक्जोनोबेल एनवी दक्षिण एशिया, विशेष रूप से भारत में अपनी पोजिशन को रीइवैल्यूएट कर रही है क्योंकि डेकोरेटिव पेंट सेगमेंट में कॉम्पिटीशन बढ़ रहा है। इस महीने की शुरुआत में कंपनी ने अपने मुख्य कोटिंग्स बिजनेस के विस्तार की दिशा में कैपिटल को रीडायरेक्ट करने के लिए अपने पोर्टफोलियो के स्ट्रैटेजिक रिव्यू की घोषणा की। कहा गया कि कंपनी साझेदारी, जॉइंट वेंचर, विलय या विनिवेश सहित विभिन्न रणनीतिक विकल्पों की तलाश करेगी।
अक्जोनोबेल एनवी के सीईओ ग्रेगोइरे पॉक्स गिलौम ने 23 अक्टूबर को कंपनी के तीसरी तिमाही के नतीजों की घोषणा करते हुए एनालिस्ट्स के साथ बातचीत में कहा, "हम भारत पर नजर रख रहे हैं...जहां आप देख सकते हैं कि सीमेंट सेक्टर से ग्रासिम आगे बढ़ रही है, एशियन पेंट्स अपनी पोजिशन मजबूत कर रही है, अन्य कंपनियां भी समय के साथ अपने अलग-अलग एसेट्स का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। यह विभिन्न भारतीय कंपनियों के साथ बातचीत करने का एक अच्छा वक्त है।" ग्रासिम इंडस्ट्रीज, बिरला ओपस ब्रांड नेम के तहत पेंट बिजनेस में है।
प्रीमियम सेगमेंट में ड्यूलक्स की मजबूत पोजिशन
अक्जोनोबेल इंडिया द्वारा संचालित ड्यूलक्स पेंट, भारत में लगभग 70 वर्षों से है। ड्यूलक्स के पास भारतीय पेंट उद्योग में लगभग 5 प्रतिशत की बाजार हिस्सेदारी है, जो एशियन पेंट्स और बर्जर पेंट्स जैसे दिग्गजों की तुलना में बहुत कम है। हालांकि, ड्यूलक्स बाजार के प्रीमियम सेगमेंट में अपनी मजबूत पोजिशन बरकरार रखे हुए है। यह अपने हायर एंड डेकोरेटिव पेंट्स के लिए प्रसिद्ध है, जिसमें इमल्शन, ग्लॉस और वॉल कोटिंग्स शामिल हैं। आदित्य बिड़ला समूह के पेंट ब्रांड बिड़ला ओपस को इस साल की शुरुआत में लॉन्च किया गया था।