टायर बनाने वाली कंपनी सिएट लिमिटेड को मौजूदा वित्त वर्ष में पुराने वाहन के टायर कारोबार (रिप्लेसमेंट मार्केट) और इंटरनेशनल बिजनेस में डबल डिजिट ग्रोथ की उम्मीद है। कंपनी के मैनेजिंग डायेरक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) अर्नब बनर्जी ने यह जानकारी दी। हालांकि उन्होंने कहा कि नेचुरल रबड़ की ऊंची कीमत के कारण कंपनी को अपने प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ाने पड़ सकते हैं। कंपनी ने मई से ‘रिप्लेसमेंट’ टायर सेगमेंट में दाम 2-2.5 फीसदी बढ़ाए हैं। कंपनी जुलाई के अंत तक कीमतों में एक और वृद्धि कर सकती है, लेकिन वह वृद्धि को गति देने के लिए कई कैटेगरी में मजबूत डिमांड और ग्रामीण बाजार में सुधार पर दांव लगा रही है।
