दुनिया की सबसे बड़ी कॉन्ट्रैक्ट इलेक्ट्रॉनिक्स मेकर और ताइवान की कंपनी फॉक्सकान (Foxconn) ने उम्मीद जताई है कि उसका एआई सर्वर रैक शिपमेंट पहली तिमाही में हाई डबल-डिजिट स्पीड से बढ़ेगा। वहीं पूरे साल 2026 की बात करें तो फॉक्सकान को उम्मीद है कि यह डबल भी हो सकती है। इससे कंपनी के एआई में तेजी से विस्तार का संकेत मिलता है। फोकस ताइवान की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी के चेयरमैन यंग लियू का कहना है कि कंपनी का पहले से ही मजबूत AI पोर्टफोलियो इस साल मार्केट में अपना दबदबा और बढ़ा सकता है। अभी फॉक्सकान की वैश्विक एआई सर्वर मार्केट में करीब 40% हिस्सेदारी है।
पहली बार कंज्यूमर इलेट्रॉनिक्स से आगे निकला Foxconn का एआई बिजनेस
फॉक्सकान के बिजनेस ढांचे में एक बड़ा बदलाव उसके रेवेन्यू ब्रेकडाउन में पहले ही दिखाई देने लगा है। पिछले साल 2025 में एआई सर्वर वाले क्लाउड और नेटवर्किंग डिवीजन की कंपनी की कुल बिक्री में 40% हिस्सेदारी थी। पहली बार इसने स्मार्ट कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स सेगमेंट को पीछे छोड़ दिया जिसकी कुल बिक्री में 38% हिस्सेदारी रही। बिक्री में 15% हिस्सेदारी कंप्यूटिंग डिवीजन का की रही जबकि इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स और अन्य बिजनेसेस की हिस्सेदारी बाकी 7% रही। इस प्रकार कंपनी के लिए एआई इंफ्रा अब प्राइमरी ग्रोथ इंजन बन गया है।
अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग हब से तगड़ा सपोर्ट
फॉक्सकान की इस ताबड़तोड़ ग्रोथ की वजह अमेरिका है। एआई में इसके बढ़ते बिजनेस को प्रोडक्शन कैपेसिटी से सपोर्ट मिल रहा है, खासतौर से अमेरिका में। अमेरिका में कंपनी की सबसे बड़ी एआई सर्वर मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी से इस साल 2026 में हर हफ्ते लगभग 2,000 सर्वर का प्रोडक्शन होने की उम्मीद है। इससे वह क्लाउड सर्विस प्रोवाइडर्स की बढ़ती मांग को पूरा कर सकेगी।
कंपनी के चेयरमैन के मुताबिक टैरिफ, जियो-पॉलिटिकल टेंशन और करेंसी में अस्थिरता जैसी वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद एआई सर्वरों की मांग मजबूत बनी हुई है। यह मजबूती बड़े क्लाउड सर्विस प्रोवाइडर्स के भारी पूंजी निवेश के चलते है, जो एआई इंफ्रास्ट्रक्चर में लगातार पैसे लगा रहे हैं। कंपनी को उम्मीद है कि पहली तिमाही में उसके क्लाउड और नेटवर्किंग के साथ-साथ स्मार्ट कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स डिवीजन की बिक्री में तेजी दिख सकती है लेकिन कंप्यूटिंग डिवीजन में गिरावट की आशंका है।
फॉक्सकान का एआई में विस्तार ऐसे समय में हो रहा है, जब इसके कारोबारी नतीजे धमाकेदार आए हैं। पिछले साल 2025 में कंपनी को 18935 करोड़ न्यू ताइवान डॉलर (करीब $592 करोड़) का प्रॉफिट हुआ जोकि सालाना आधार पर 24% अधिक रहा। इस दौरान कंपनी का कंसालिडेटेड रेवेन्यू 18% उछलकर $25354 करोड़ पर पहुंच गया जिसे क्लाउड और नेटवर्किंग के साथ-साथ स्मार्ट कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स सेगमेंट में ग्रोथ से सपोर्ट मिला। इसके अलावा कंपनी के बोर्ड ने साल 2025 के लिए प्रति शेयर $0.23 के डिविडेंड को मंजूरी दी साल 1991 में इसके लिस्ट होने के बाद से सबसे अधिक है।