क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज जेमिनी स्पेस स्टेशन दुनियाभर में 200 नौकरियां कट करने जा रहा है। साथ ही इसने यूरोपियन यूनियन, अन्य यूरोपीय देशों, यूनाइटेड किंगडम और ऑस्ट्रेलिया में बिजनेस बंद करने का फैसला किया है। अब यह केवल अमेरिका और सिंगापुर में ऑपरेशनल रहेगा। ऐसा लागत में बड़े पैमाने पर कटौती की कोशिश के तहत किया जा रहा है। जेमिनी स्पेस स्टेशन को कैमरन और टायलर विंकलेवोस ने शुरू किया। जॉब कट के तहत निकाले जा रहे लोग कंपनी की ग्लोबल वर्कफोर्स का 25 प्रतिशत हैं।
रॉयटर्स के मुताबिक, कंपनी ने कहा कि छंटनी यूरोप, अमेरिका और सिंगापुर में कर्मचारियों को प्रभावित करेगी। कंपनी को उम्मीद है कि 2026 की पहली छमाही यानि कि जनवरी-जून तक छंटनी और यूरोपियन यूनियन, यूनाइटेड किंगडम, ऑस्ट्रेलिया से कारोबार समेटने का काम काफी हद तक पूरा हो जाएगा। हालांकि अभी इस प्लान पर स्थानीय कानूनों के तहत जरूरी मंजूरी लिया जाना बाकी है।
जेमिनी का अनुमान है कि उसे प्री-टैक्स रीस्ट्रक्चरिंग और संबंधित चार्जेस के तहत लगभग 1.10 करोड़ डॉलर का खर्च आएगा। यह मुख्य रूप से कैश होगा। यह कर्मचारियों के सेवरेंस पैकेज (छंटनी पर मिलने वाला मुआवजा), नोटिस पे, एंप्लॉयी बेनिफिट्स, फैसिलिटी एग्जिट कॉस्ट, कॉन्ट्रैक्ट टर्मिनेशंस और प्रोफेशनल फीस से जुड़ा है। अधिकांश खर्च पहली तिमाही में होने का अनुमान है।
इस खबर के सामने आने के बाद जेमिनी स्पेस स्टेशन के शेयर शुरुआती कारोबार में लगभग 6 प्रतिशत गिर गए। इस वक्त क्रिप्टोकरेंसी फर्मों के लिए माहौल काफी मुश्किल है। बढ़ते रेगुलेटरी दबाव और धीमी मार्केट एक्टिविटी के कारण कई कंपनियों को अपने ऑपरेशन कम करने पड़ रहे हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि इस फैसले से जेमिनी अपने मुख्य बाजारों पर फोकस कर पाएगी और लंबे समय तक बने रहने के लिए अपने ऑपरेशंस को बेहतर बना पाएगी।