ट्रंप के बयान के बाद GIFT Nifty में दिखी बड़ी हलचल, शुरुआती बढ़त के बाद आई गिरावट; मिडिल ईस्ट में अनिश्चितता से सहमा बाजार

Stock Markets: ट्रंप के ईरान पर हमले रोकने और सुलह के लिए बातचीत होने वाले बयान के बाद सोमवार शाम को GIFT Nifty में 900 अंकों का भारी उछाल देखने को मिला। हालांकि, बाद में ईरान की तरफ से इसे नकार देने के बाद गिरावट देखने को मिली। आज सुबह 8:30 बजे के करीब यह करीब 416 अंकों की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था

अपडेटेड Mar 24, 2026 पर 9:00 AM
Story continues below Advertisement
सोमवार को 11% गिरने के बाद, मंगलवार को कच्चे तेल की कीमतों में फिर से 3.5% का उछाल आया है

GIFT Nifty: आज शेयर बाजार के लिए शुरुआती संकेत थोड़े पॉजिटिव नजर आ रहे हैं। मंगलवार सुबह गिफ्ट निफ्टी ने शानदार शुरुआत तो की, लेकिन वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अनिश्चितता के चलते इंडेक्स अपनी बढ़त बरकरार नहीं रख सका। सोमवार शाम को 900 अंकों की भारी उछाल के बाद, आज सुबह 8:50 बजे के करीब यह करीब 402 अंकों (1.79%) की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।

'शांति' की उम्मीदों को लगा झटका

बाजार में आई इस गिरावट के पीछे पश्चिम एशिया से जुड़ी दो बड़ी खबरें हैं, जिन्होंने निवेशकों के उत्साह पर पानी फेर दिया है। पहली खबर इजरायल का तेहरान पर नए हमले को लेकर है। दरअसल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर हमले टालने और बातचीत शुरू होने के दावे के एक घंटे के भीतर ही इजरायल ने तेहरान में हमले शुरू कर दिए। इजरायली सेना ने पुष्टि की है कि अमेरिका के 'पॉज' के बावजूद उनके ऑपरेशन जारी हैं।


दूसरी खबर युद्ध में नए खिलाड़ियों की एंट्री को लेकर है। 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' की एक रिपोर्ट ने बाजार को डरा दिया है, जिसमें कहा गया है कि फारस की खाड़ी में अमेरिका के सहयोगी देश भी अब ईरान के खिलाफ इस लड़ाई में शामिल होने की ओर बढ़ रहे हैं।

कच्चे तेल और सोने का हाल

क्रूड ऑयल: सोमवार को 11% गिरने के बाद, मंगलवार को कच्चे तेल की कीमतों में फिर से 3.5% का उछाल आया है और ब्रेंट क्रूड $103.50 प्रति बैरल के पास पहुंच गया है। इसका कारण होर्मुज जलडमरूमध्य का अभी भी प्रभावी रूप से बंद होना है।

सोना: सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। यह अपने अब तक के सबसे लंबे समय तक की गिरावट के रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहा है।

क्या है ग्लोबल सेंटीमेंट?

बातचीत की संभावना खत्म: ईरान के एक सांसद ने अमेरिका के साथ किसी भी तरह की बातचीत से इनकार कर दिया है, जिससे कूटनीतिक समाधान की उम्मीदें धूमिल हो गई हैं।

S&P 500 फ्यूचर्स में गिरावट: अमेरिकी बाजार के फ्यूचर्स भी 0.6% गिर गए है, जो वैश्विक बाजारों में 'सावधानी' का संकेत दे रहे हैं।

होर्मुज की नाकेबंदी: दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग 'होर्मुज' से जहाजों की आवाजाही अभी भी बेहद सीमित है, जिससे सप्लाई चेन पर खतरा बरकरार है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।