6 साल में पहली बार Apple में निवेश की सलाह, इस कारण Goldman ने बदला रुझान

वैश्विक ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) ने छह साल में पहली बार एपल (Apple) के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। गोल्डमैन ने एपल के शेयरों की वैल्यू चार गुने से अधिक होने के बाद अब रुख में यह बदलाव किया है। एनालिस्ट माइकल एनजी ने इसकी कवरेज शुरू कर दी है। गोल्डमैन के रुख में यह बदवाव खास कारणों से हुआ है

अपडेटेड Mar 07, 2023 पर 8:47 AM
Story continues below Advertisement
Goldman Sach ने Apple में निवेश के लिए 199 डॉलर का टारगेट प्राइस फिक्स किया है। यह इसके मौजूदा भाव 153.83 अमेरिकी डॉलर से करीब 29 फीसदी अपसाइड है।

वैश्विक ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) ने छह साल में पहली बार एपल (Apple) के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। गोल्डमैन ने एपल के शेयरों की वैल्यू चार गुने से अधिक होने के बाद अब रुख में यह बदलाव किया है। एनालिस्ट माइकल एनजी ने इसकी कवरेज शुरू कर दी है। गोल्डमैन के मुताबिक iPhone बनाने वाली कंपनी का यूजर बेस इतना बड़ा हो चुका है कि इसके सर्विस बिजनेस की ग्रोथ शानदार होगी। एपल के शेयर अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज पर 6 मार्च को 1.85 फीसदी के उछाल के साथ 153.83 डॉलर (12591.35 रुपये) के भाव (Apple Share Price) पर बंद हुआ है।

क्यों दिख रहा भरोसा

छह साल में माइकल गोल्डमैन के तीसरे एनालिस्ट हैं जो एपल को कवर कर रहे हैं। माइकल के मुताबिक प्रीमियर हार्डवेयर डिजाइन में एपल की सफलता और इसके चलते ब्रांड लॉयल्टी की मजबूती ने कंपनी के यूजर बेस को बढ़ाया है। इसके चलते कंपनी को अपने इकोसिस्टम को छोड़कर जाने वाले यूजर्स की संख्या को घटाने और क्लाइंट जोड़ने में खर्च घटाने में मदद मिली है। वहीं कस्टमर्स को फिर से खरीदारी के लिए बढ़ावा मिला है।


Apple के लिए Goldman Sachs का ये है टारगेट

गोल्डमैन ने एपल में निवेश के लिए 199 डॉलर का टारगेट प्राइस फिक्स किया है। यह इसके मौजूदा भाव 153.83 अमेरिकी डॉलर से करीब 29 फीसदी अपसाइड है। इस साल 2023 में अब तक यह 23 फीसदी मजबूत हुआ है। इस महीने में यह चार फीसदी से अधिक उछला है।

रेटिंग का ये रहा है इतिहास

माइकल से पहले गोल्डमैन के एनालिस्ट रॉड हॉल (Rod Hall) ने पांच साल तक एपल की कवरेज की थी, उन्होंने या तो इसे न्यूट्रल या सेल रेटिंग दी थी। अब माइकल ने इसे खरीदने की रेटिंग दी है। गोल्डमैन ने इससे पहले एपल को खरीदने की रेटिंग वर्ष 2017 में दी थी और तब से अब तक यह 300 फीसदी से अधिक चढ़ चुका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।