गोपीचंद हिंदुजा का निधन: लगातार 7 साल ब्रिटेन के सबसे अमीर व्यक्ति रहे, तेल से लेकर बैंकिंग सेक्टर तक में जमाई धाक

Gopichand Hinduja: भारतीय मूल के अरबपति और हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन गोपीचंद हिंदुजा का 85 साल की उम्र में निधन हुआ। वे लगातार सात साल ब्रिटेन के सबसे अमीर व्यक्ति रहे और तेल से लेकर ऑटोमोबाइल तक विशाल कारोबार खड़ा किया।

अपडेटेड Nov 04, 2025 पर 4:45 PM
Story continues below Advertisement
2023 में भाई श्रीचंद हिंदुजा के निधन के बाद गोपीचंद हिंदुजा ने हिंदुजा ग्रुप की कमान संभाली।

Gopichand Hinduja: भारतीय मूल के अरबपति और हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन गोपीचंद परमानंद हिंदुजा का 85 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह अपने पीछे पत्नी सुनीता, दो बेटे संजय और धीरज, और बेटी रीता को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की जानकारी ब्रिटिश सांसद रामी रेंजर ने मंगलवार को दी।

रामी रेंजर ने गोपीचंद हिंदुजा को 'बेहद विनम्र, उदार और वफादार दोस्त' बताते हुए कहा कि उनके निधन से एक युग का अंत हो गया है।

सात साल तक ब्रिटेन के सबसे अमीर व्यक्ति


1940 में भारत में जन्मे गोपीचंद हिंदुजा लगातार सात साल तक ब्रिटेन के ‘Sunday Times Rich List’ में सबसे अमीर व्यक्ति के तौर पर शामिल रहे। उन्होंने मुंबई के जय हिंद कॉलेज से 1959 में ग्रेजुएशन किया था। इसके बाद उन्हें यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टमिंस्टर से ऑनरेरी डॉक्टरेट ऑफ लॉ और लंदन के रिचमंड कॉलेज से ऑनरेरी डॉक्टरेट ऑफ इकोनॉमिक्स की उपाधि दी गई थी।

हिंदुजा ग्रुप की शुरुआत और विरासत

हिंदुजा परिवार का बिजनेस उनके पिता परमानंद हिंदुजा ने 1914 में शुरू किया था। शुरुआत में यह एक ट्रेडिंग कंपनी थी, जो भारत और ईरान के बीच सामानों के व्यापार से जुड़ी थी। धीरे-धीरे ग्रुप ने तेल, ऑटोमोबाइल और फाइनेंस जैसे सेक्टरों में कदम रखा और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।

इस ग्रुप को गोपीचंद हिंदुजा और उनके भाई श्रीचंद हिंदुजा ने मिलकर एक मल्टी-बिलियन डॉलर ग्लोबल कांग्लोमरेट में बदल दिया। 2023 में भाई श्रीचंद हिंदुजा के निधन के बाद गोपीचंद हिंदुजा ने हिंदुजा ग्रुप की कमान संभाली। वे हिंदुजा ऑटोमोटिव लिमिटेड के चेयरमैन भी थे और ग्रुप की कई कंपनियों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

हिंदुजा ग्रुप की मुख्य कंपनियां

आज Hinduja Group दुनिया के 30 से ज्यादा देशों में सक्रिय है और हजारों लोगों को रोजगार देता है। इसके कारोबार कई अहम सेक्टरों में फैले हैं।

ऑटोमोबाइल: Ashok Leyland - भारत की दूसरी सबसे बड़ी कॉमर्शियल व्हीकल निर्माता कंपनी।

बैंकिंग और फाइनेंस: IndusInd Bank और Hinduja Bank (Switzerland)।

एनर्जी और ऑयल: ग्लोबल स्तर पर काम करने वाली प्रमुख लुब्रिकेंट कंपनी Gulf Oil International।

आईटी और हेल्थकेयर: Hinduja Global Solutions (HGS) - आईटी और बीपीओ सर्विस प्रोवाइडर, साथ ही हेल्थकेयर सपोर्ट सर्विसेज में भी बड़ी कंपनी।

रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर: ग्रुप की कई कंपनियां भारत और ब्रिटेन में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट से जुड़ी हैं।

 4.2 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति

ब्रिटने के Sunday Times Rich List 2025 के अनुसार, Hinduja परिवार की कुल संपत्ति करीब 37 अरब पाउंड (लगभग 4.2 लाख करोड़ रुपये) आंकी गई थी। ब्रिटेन में गोपीचंद हिंदुजा की पहचान न सिर्फ सबसे अमीर परिवार के रूप में थी, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक योगदान के कारण भी उन्हें सम्मान मिला।

ब्रिटिश सांसद रामी रेंजर ने अपने शोक संदेश में कहा, 'मुझे उन्हें कई वर्षों तक जानने का सौभाग्य मिला। उनका ह्यूमर, समाज और भारत के प्रति समर्पण, और नेक कार्यों में उनका सहयोग उन्हें खास बनाता था। उन्होंने एक ऐसा खालीपन छोड़ा है जिसे भरना मुश्किल होगा।'

यह भी पढ़ें : कौन हैं भारतीय मूल के बंकिम ब्रह्मभट्ट? ₹4439 करोड़ की हेराफेरी से हिला दिया Blackrock को

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।