रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) अपने हाई लाइफस्टाइल के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं। वह अकूत दौलत के मालिक हैं। उन्होंने इस बात का ख्याल रखा है कि उनका दामन साफ नजर आए। लेकिन, उनके दोस्त और रिश्तेदारों की बेशुमार दौलत यह बताती है कि जिसकी बदलौत यह दौलत कमाई गई, वह कितना अमीर होगा। आइए पुतिन और उनके दोस्त-रिश्तेदारों की दौलत के बारे में जानने की कोशिश करते हैं।
पुतिन ने पब्लिक में खुद को साफसुथरा रखने की कोशिश की है। उन्होंमे 2020 में अपनी इनकम 1 करोड़ रुबल से भी कम घोषित की थी। डॉलर के मुकाबले रूबल की वैल्यू गिरने के बाद तो यह दौलत घटकर करीब 93,000 डॉलर रह गई है। लेकिन, आप इस दौलत पर नहीं जाइए। असल कहानी कुछ और है।
यह जगजाहिर हो चुका है कि ब्लैक सी के पूर्वी तट पर पुतिन का एक आलीशान महल है। इसकी वैल्यू 1 अरब डॉलर से ज्यादा बताई जाती है। लंबे समय तक यह महल पुतिन का होने की अटकले लगाई जा रही थीं। लेकिन, पिछले साल विपक्ष के नेता एलेक्सी नेवेलनी के एक डॉक्युमेंट्री रिलीज करने के बाद मामला साफ हो गया।
डॉक्युमेंट्री में यह दिखाया गया है कि महल पर रूसी राष्ट्रपति के मालिकाना हक को छुपाने के लिए जटिल क्रॉस-होल्डिंग का सहारा लिया गया। जब पुतिन पर इस मामले में दबाव बढ़ने लगा तो उनके पूर्व जूडो पार्टनर और अरबपति अर्केडी रोटेनबर्ग को आगे आना पड़ा। उन्होंने इस महल को अपना बताकर इस मामले को खत्म करने की कोशिश की।
पुतिन 69 साल के हो चुके हैं। इसलिए रूस के शासन तंत्र और रूसी कंपनियों में उनके दोस्तों और उनके बच्चों का रसूख बढ़ रहा है। पुतिन के करीबी साथी यूरी कोवालचक के बेटे बोरिस कोवालचक बैंक रोसिया के सबसे बड़े शेयरहोल्डर हैं। पिछले कुछ समय में पूर्व ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर सर्गेई फ्रैंक के बेटे ग्लेब फ्रैंक की ताकत बहुत बढ़ी है। इगोर रोटेनबर्ग और सर्गेई इवानोव की संपत्ति तेजी से बढ़ी है। दोनों के पिता पुतिन के साथी माने जाते हैं। नेवलनी का कहना है कि नई सामंतवादी व्यवस्था पूरे रूस पर अपनी पकड़ मजबूत कर रही है।
करप्शन के खिलाफ अभियान चलाने वाली ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल ने लंदन के प्रॉपर्टी मार्केट में रूसी अरबपतियों के 2 अरब डॉलर के निवेश का खुलासा किया था। 2018 में इंग्लैंड की फॉरेन अफेयर्स कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि इंग्लैंड में खरीदी गई 20 फीसदी प्रॉपर्टी में रूसी पैसे का इस्तेमाल हुआ था। उसने यह भी कहा था कि यह रूसी अरबपतियों के असल निवेश का सिर्फ एक छोटा हिस्सा हो सकता है।
पुतिन के दोस्त और उनके जन्मदिन की पार्टी में अक्सर नजर आने वाले रोमन अब्रामोविच चेल्सिया फुटबॉल क्लब के मालिक हैं। केजीबी में पुतिन के एक दोस्त के बेटे इवजेनी लेबेदेव इवेनिंग स्टैंडर्ड न्यूजपेपर के मालिक हैं। ऐसे दर्जनों लोग हैं, जिनकी संपत्ति और रसूख पिछले 10-20 सालों में खूब बढ़ी है। वे आज पुतिन के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं।
रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने स्टेट ऑफ द यूनियन स्पीच में पुतिन के अमीर दोस्तों को निशाना बनाने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि हम यूरोप में अपने साथी दोस्तों से मिलकर रूसी अमीरों की नाजायज दौलत को जब्त करेंगे। उन्होंने कहा था कि इसके डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस एक स्पेशल टास्कफोर्स बना रहा है। उन्होंने कहा था कि नाजायज दौलत से खरीदे गए यॉट, लग्जरी अपार्टमेंट और प्राइवेट जेट्स कब्जे में लिए जाएंगे।
बाइडने जानते हैं कि रूस की कंपनियों, बैंकिंग सिस्टम और स्पोर्ट्स पर प्रतिबंध से आखिरकार पुतिन की ताकत घटेगी। उधर, फ्रांस ने पुतिन के दोस्त और रूस की बड़ी कंपनियों में से एक रोसनेफ्ट के प्रमुख आइगोर सेचिंस की लग्जरी यॉट को कब्जे में ले लिया। जर्मनी ने 60 करोड़ डॉलर के एक यॉट को पकड़ा है, जिसे रूस के अरबपति एलिशेर उस्मानोव का बताया जाता है।
यॉट, महंगे अपार्टमेंट और जेट आधुनिक रूस के अरबपतियों की पहचान हैं। पिछले 20 सा में ऐसे अरबपतियों की एक नई फौज खड़ी हुई है। बताया जाता है कि इन्हें पुतिन का संरक्षण हासिल है। ये पुतिन के लिए जीने और मरने के लिए तैयार रहने वाले लोग हैं।