HCLTech में 170-200 कर्मचारियों की जाएगी नौकरी! Xerox के साथ BPM कॉन्ट्रैक्ट हो सकता है खत्म

Xerox पिछले 17 सालों से भी ज्यादा समय से HCLTech की एक प्रमुख क्लाइंट रही है। प्रभावित कर्मचारियों को बता दिया गया है कि IT कंपनी उन्हें किसी दूसरे प्रोजेक्ट पर दोबारा नहीं रख पाएगी। प्रोजेक्ट के जून में खत्म होने का अनुमान है

अपडेटेड Jun 01, 2026 पर 3:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
HCLTech के 60 देशों में 2,26,000 से अधिक कर्मचारी हैं।

IT कंपनी HCLTech का जेरोक्स कॉरपोरेशन (Xerox Corporation) के साथ एक बिजनेस प्रोसेस मैनेजमेंट (BPM) कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने का अनुमान है। ऐसे में इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे लगभग 170-200 कर्मचारियों को जून में उनका कार्यकाल खत्म होने के बाद नौकरी से निकाल दिया जाएगा। यह बात मनीकंट्रोल को मामले से जुड़े लोगों से पता चली है। सूत्रों का कहना है कि Xerox, HCLTech के साथ BPM कॉन्ट्रैक्ट को आगे नहीं बढ़ाएगी। कंपनी इस काम का कुछ हिस्सा अपनी फिलीपींस स्थित यूनिट में खुद ही (इन-हाउस) करना चाहती है। बाकी काम उसी देश की किसी स्थानीय थर्ड-पार्टी BPM कंपनी को आउटसोर्स कर देगी।

Xerox ने यह कदम लागत कम करने के मकसद से उठाया है। कंपनी पिछले कुछ समय से मुनाफे से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है और अपने बिजनेस ऑपरेशन्स में बदलाव लाने की कोशिश कर रही है।

प्रभावित कर्मचारियों को किसी दूसरे प्रोजेक्ट पर नहीं रखेगी HCLTech


सबसे बड़ी चुनौती HCLTech के उन 170-200 कर्मचारियों के सामने होगी, जिनमें से ज्यादातर लोग नोएडा स्थित कैंपस से काम करते हैं। इन कर्मचारियों को कम से कम दो महीने पहले ही कंपनी के बाहर नौकरी ढूंढने के लिए कह दिया गया था। सूत्रों के मुताबिक, इन कर्मचारियों को बता दिया गया है कि IT कंपनी उन्हें किसी दूसरे प्रोजेक्ट पर दोबारा नहीं रख पाएगी।

प्रोजेक्ट के जून में खत्म होने का अनुमान जताया गया है। एक सूत्र के मुताबिक, काम का पहला चरण पहले ही पूरा हो चुका है, और इस पर काम कर रहे लगभग 50 कर्मचारी फिलहाल 'बेंच' पर हैं। यानि कि उनके पास अभी कोई प्रोजेक्ट नहीं है। वे कंपनी के अंदर और बाहर, दोनों जगह काम ढूंढ रहे हैं। लेकिन इस बात की संभावना बहुत कम है कि उन्हें किसी दूसरे प्रोजेक्ट पर लगाया जाएगा।

मई में 3% बढ़ा जीएसटी कलेक्शन लेकिन रिफंड में भी उछाल, इस कारण आयात ने दिया अधिक सहारा

HCLTech की एक प्रमुख क्लाइंट है Xerox

Xerox पिछले 17 सालों से भी ज्यादा समय से HCLTech की एक प्रमुख क्लाइंट रही है। दोनों के बीच कई अरब डॉलर के कॉन्ट्रैक्ट हुए हैं। खत्म हो रहा BPM कॉन्ट्रैक्ट, HCLTech द्वारा इस कंपनी के लिए किए जा रहे टेक्नोलॉजी से जुड़े कई अन्य कामों का सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा है। यह घटनाक्रम भारतीय IT सर्विसेज कंपनियों के लिए मांग में बनी अनिश्चितता को दर्शाता है। ग्राहक मैक्रोइकोनॉमिक चुनौतियों से निपटने के लिए ऑटोमेशन और लागत-बचत की बढ़ती जरूरत के बीच अपने टेक्नोलॉजी बजट और रणनीतियों का फिर से आकलन कर रहे हैं। HCLTech के 60 देशों में 2,26,000 से अधिक कर्मचारी हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।