HDFC Bank Q4 Result: निजी सेक्टर के दिग्गज बैंक एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) के लिए पिछले वित्त वर्ष की आखिरी तिमाही मिली-जुली रही। मार्च 2023 तिमाही में 12594.47 करोड़ रुपये का कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट हासिल हुआ जो तिमाही आधार पर आधा फीसदी कम है लेकिन सालाना आधार पर यह करीब 21 फीसदी अधिक रहा। वहीं स्टैंडएलोन इसे मार्च 2023 तिमाही में 12047.45 करोड़ रुपये का मुनाफा मिला जो सालाना आधार पर करीब 20 फीसदी अधिक और तिमाही आधार पर डेढ़ फीसदी से कम रहा। बैंक ने शेयरहोल्डर्स को डिविडेंड के रूप में शानदार तोहफा दिया है। शेयरहोल्डर्स को एक रुपये की फेस वैल्यू वाले हर शेयर के बदले 19 रुपये डिविडेंड के रूप में मिलेंगे।
HDFC Bank के Result की खास बातें
बैंक को मार्च 2023 तिमाही में 12047.45 करोड़ रुपये का स्टैंडएलोन नेट प्रॉफिट हासिल हुआ जबकि एक साल पहले की समान अवधि में इसे 10055.18 करोड़ रुपये का मुनाफा मिला था। ब्याज से इसकी नेट इनकम सालाना आधार पर 23.7 फीसदी उछलकर 23,351.8 करोड़ रुपये हो गई। बैंक के डिपॉजिट्स और क्रेडिट में ग्रोथ हेल्दी रही और प्रोविजन्स में कमी आई। ग्रॉस एडवांसेज के मुकाबले बैंक का ग्रॉस एनपीए तिमाही आधार पर 1.23 फीसदी से गिरकर 1.12 फीसदी पर आ गया। वहीं नेट एडवांसेज की तुलना में नेट एनपीए तिमाही आधार पर 0.33 फीसदी से गिरकर 0.27 फीसदी पर आ गया।
पूरे साल की बात करें तो वित्त वर्ष 2022-23 में बैंक का स्टैंडएलोन नेट प्रॉफिट 36961.33 करोड़ रुपये से 19 फीसदी बढ़कर 44108.71 करोजड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं समान अवधि में इसका कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट 38052.75 करोड़ रुपये से करीब 21 फीसदी उछलकर 45997.11 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
HDFC Bank Dividend: डिविडेंड के लिए यह रिकॉर्ड डेट फिक्स
एचडीएफसी बैंक ने वित्तीय नतीजों के साथ डिविडेंड का भी ऐलान किया है। बैंक ने वित्त वर्ष 2023 के लिए एक रुपये की फेस वैल्यू वाले फुल्ली पेड अपर इक्विटी शेयरों के लिए 19 रुपये के डिविडेंड का ऐलान किया है। इस पर शेयरधारकों की मंजूरी ली जाएगी। बैंक ने इस डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट भी फिक्स कर दिया है। इसे 16 मई 2023 पर फिक्स किया गया है।