अडानी ग्रुप के शेयरों (Adani Group Stocks) में तेज गिरावट से भारतीय कारोबारी समूह की पूंजी जुटाने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। क्रेडिट रेटिंग एजेंसी मूडीज (Moody's) ने शुक्रवार 3 फरवरी को एक रिपोर्ट में यह चेतावनी दी। मूडीज ने कहा कि अमेरिकी शॉर्ट-सेलर फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट (Hindenberg Report) के बाद अडानी ग्रुप के शेयरों में हाल ही में तेज गिरावट आई है। इस गिरावट के चलते ग्रुप की पूंजी जुटाने की क्षमता कम हो सकती है। बता दें कि हिंडनबर्ग रिसर्च ने पिछले हफ्ते एक रिपोर्ट में अडानी ग्रुप के कर्ज के स्तर और टैक्स हैवन के इस्तेमाल पर सवाल उठाया था। हालांकि अडानी ग्रुप ने इन रिपोर्टों को निराधार बताया और कहा कि उनकी वित्तीय स्थित मजबूत है।
