HSBC अपने UK वेल्थ मैनेजमेंट बिजनेस में बड़े पैमाने पर जॉब कट करने की योजना बना रहा है। यह आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस (AI) को अपने कामकाज में अपनाना चाहता है। इसी के तहत बैंक अपने फाइनेंशियल एडवाइजर्स और दूसरे स्पेशलिस्ट्स की संख्या में भारी कटौती करेगा। यह बात फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट में मामले की जानकारी रखने वालों के हवाले से कही गई है। रिपोर्ट है कि बैंक अपने UK वेल्थ बिजनेस में कई पदों को खत्म करेगा।
बिजनेस के मैनेजमेंट और स्पेशलिस्ट पदों में से लगभग आधे पद खत्म होने का अनुमान है। वहीं फाइनेंशियल एडवाइजर्स की संख्या में लगभग 70 प्रतिशत की कटौती हो सकती है। HSBC के UK वेल्थ बिजनेस में कितने लोग काम करते हैं, यह जानकारी पब्लिक नहीं है। 2 साल पहले HSBC ने UK में अपने वेल्थ और प्राइवेट बैंकिंग ऑपरेशंस बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर भर्तियां शुरू की थीं।
फाइनेंशियल टाइम्स के मुताबिक, एक व्यक्ति का कहना है कि HSBC प्रस्तावित बदलावों को लेकर सलाह-मशविरे के दौर में है। प्रभावित कर्मचारियों के अक्टूबर महीने के आखिर तक बैंक छोड़ने की उम्मीद है। यह कदम UK में HSBC के वेल्थ और पर्सनल बैंकिंग हेड, जोस कार्वाल्हो के जाने के बाद उठाया गया है। उन्होंने सितंबर में लिंक्डइन पोस्ट के जरिए इस पद से हटने की घोषणा की थी।
पहले ही हजारों नौकरियां खत्म कर चुके हैं CEO जॉर्जेस एलहेडेरी
इससे पहले मार्च 2026 में खबर आई थी कि HSBC Holdings Plc आने वाले सालों में बड़े पैमाने पर नौकरियों में कटौती करने पर विचार कर रहा है। बैंक के CEO जॉर्जेस एलहेडेरी AI पर दांव लगा रहे हैं ताकि वे अपने मिडिल और बैक ऑफिस के कर्मचारियों को कम कर सकें और खर्च नीचे ला सकें। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में कहा गया था कि इन बदलावों से HSBC Holdings में करीब 20000 रोल या कुल वर्कफोर्स का लगभग 10% हिस्सा प्रभावित हो सकता है।
एलहेडेरी साल 2024 में बैंक के CEO बने थे। उन्होंने इस जिम्मेदारी को संभालने के बाद से बैंक में बड़े पैमाने पर बदलाव किए हैं। वह पहले ही हजारों नौकरियां खत्म कर चुके हैं, कुछ कारोबार बेच दिए गए हैं और कुछ को आपस में मिला दिया गया है या बंद कर दिया गया है। 2025 के आखिर में HSBC Holdings में करीब 210,000 कर्मचारी थे।