Forex Reserves: देश के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट आई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आंकड़ों के मुताबिक, 27 मार्च को समाप्त हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10.288 अरब डॉलर घटकर 688.058 अरब डॉलर रह गया। इससे पहले वाले सप्ताह में भी विदेशी मुद्रा भंडार में $11.413 अरब की गिरावट आई थी और यह घटकर $698.346 अरब पर आ गया था। यानी दो हफ्तों में कुल मिलाकर करीब $21 अरब से ज्यादा की कमी देखी गई है।
बता दें कि फरवरी के आखिरी सप्ताह 27 फरवरी में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार अपने ऑलटाइम हाई $728.494 अरब तक पहुंच गया था। लेकिन इसके बाद मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ग्लोबल अनिश्चितताओं के चलते इसमें लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के चलते भारतीय रुपये पर दबाव बना हुआ है। रुपये को संभालने के लिए RBI लगातार फॉरेक्ट मार्केट में हस्तक्षेप कर रहा है और डॉलर की बिक्री कर रहा है। इसके अलावा केंद्रीय बैंक ने कुछ नीतिगत कदम भी उठाए हैं ताकि रुपये की गिरावट को नियंत्रित किया जा सके।
विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में गिरावट
RBI के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा यानी फॉरेन करेंसी एसेट्स (FCA) भी घटा है। इस दौरान फॉरेन करेंसी एसेट्स $6.622 अरब घटकर $551.072 अरब रह गया। डॉलर के मुकाबले यूरो, पाउंड और येन जैसी दूसरी करेंसी में उतार-चढ़ाव का भी इन एसेट्स के मूल्य पर असर पड़ता है।
देश के गोल्ड रिजर्व में भी गिरावट आई है। इस सप्ताह गोल्ड रिजर्व 3.666 अरब डॉलर घटकर 113.521 अरब डॉलर रह गया। यह गिरावट अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव का संकेत देती है।
हालांकि स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (SDRs) में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली है और यह 1.7 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.649 अरब डॉलर हो गया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के साथ भारत की रिजर्व पोजिशन 1.7 करोड़ डॉलर घटकर 4.816 अरब डॉलर रह गई है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।