भारत और अमेरिका ने अंतरिम व्यापार समझौते के पहलुओं को अंतिम रूप देने के लिए अपने मुख्य वार्ताकारों यानि कि चीफ निगोशिएटर्स की प्रस्तावित बैठक को नए सिरे से तय करने का फैसला किया है। भारतीय दल 23 फरवरी से वॉशिंगटन में 3 दिन की बैठक शुरू करने वाला था। लेकिन अब यह मीटिंग अगले सप्ताह नहीं होगी। इसके लिए नई तारीख तय की जाएगी।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एक सूत्र ने कहा है, ‘‘भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के लिए भारतीय वार्ताकारों की अमेरिका यात्रा को लेकर दोनों पक्षों का मानना है कि अब यह बैठक तब होनी चाहिए, जब दोनों पक्ष ताजा घटनाक्रमों और उसके प्रभाव का आकलन कर लें। इसके लिए दोनों पक्षों को समय चाहिए। अब इस बैठक की तारीख दोनों पक्षों की सुविधा के हिसाब से नए सिरे से तय की जाएगी।’’ टैरिफ पर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले और उसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से हुई घोषणाओं के बाद टैरिफ घटनाक्रम बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है।
क्या है अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट का फैसला
ट्रंप की तरफ से पिछले साल भारत समेत करीब 60 देशों के खिलाफ जारी किए गए टैरिफ ऑर्डर्स को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को रद्द घोषित कर दिया। कोर्ट ने फैसले में कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने बड़े लेवी लगाकर अपने अधिकार का गलत इस्तेमाल किया। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद ट्रंप ने शुक्रवार को भारत समेत सभी देशों पर 24 फरवरी से 150 दिन के लिए 10 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाया। फिर शनिवार को इसे बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया।
भारत और अमेरिका के बीच साइन होने वाले अंतरिम व्यापार समझौते का फ्रेमवर्क फरवरी महीने की शुरुआत में तय हुआ था। भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि सरकार अमेरिका में टैरिफ से जुड़े ताजा घटनाक्रम और उसके संभावित प्रभावों का अध्ययन कर रही है।