उत्तर प्रदेश में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) के तैयार हो जाने के बाद पहली उड़ान किस एयरलाइन की होगी, यह तय हो गया है। वह एयरलाइन होगी इंडिगो (Indigo)। इस बारे में जारी एक बयान में कहा गया है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) ने एयरलाइन इंडिगो के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के अनुसार इंडिगो, एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली पहली एयरलाइन होगी। कंपनी 2024 के अंत तक अपनी उड़ान शुरू कर सकती है। समझौते के अनुसार एनआईए और इंडिगो, उत्तर प्रदेश और उसके बाहर एयर कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे।
नया बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दिल्ली से लगभग 75 किलोमीटर दूर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर में स्थित है। शुरू हो जाने के बाद यह एयरपोर्ट, NCR में दूसरा इंटरनेशनल और ओवरऑल तीसरा कमर्शियल एयरपोर्ट होगा। एनआईए के सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा, 'इंडिगो का घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों बाजारों में मजबूत बेस है। एनआईए और इंडिगो के बीच साझेदारी न केवल एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने में मदद करेगी, बल्कि हमारे ग्राहकों को एक नया अनुभव भी देगी।
4 चरणों में बनकर होगा तैयार
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट 4 चरणों में बनकर तैयार होगा। पहले चरण का काम 2024 के अंत तक पूरा किया जाना है। इसके बाद यहां से सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों की आवाजाही होने लगेगी। शुरुआत में इस एयरपोर्ट पर दो रनवे रहेंगे।
1,330 एकड़ जमीन पर फैले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण का चौथा चरण पूरा हो जाने के बाद यहां से सालाना 7 करोड़ यात्रियों की आवाजाही होने लगेगी। इस हवाईअड्डे के विकास पर कुल 29,560 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।