Infosys Hiring : आईटी सर्विसेज की दिग्गज कंपनी Infosys Ltd ने FY26 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कर्मचारियों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की है। कंपनी ने इस तिमाही में 5,043 नए कर्मचारियों को जोड़ा है, जो पिछले 11 तिमाहियों में सबसे ज्यादा नेट हायरिंग है। इसके बाद Infosys की कुल वर्कफोर्स 3,37,034 हो गई है।
लगातार दो तिमाहियों में बढ़ी टीम
Infosys ने इससे पहले सितंबर तिमाही (Q2) में भी 8,203 कर्मचारियों को जोड़ा था। यानी पिछली दो तिमाहियों में कंपनी ने कुल मिलाकर 13,246 कर्मचारियों की नेट बढ़ोतरी की है।
यह आंकड़ा इसलिए भी अहम है क्योंकि इसी दौरान IT सेक्टर की कई दूसरी बड़ी कंपनियां कर्मचारियों की संख्या घटाने की बात कर रही हैं। खासतौर पर टाटा ग्रुप की TCS।
मैनेजमेंट का क्या कहना है?
Infosys के मैनेजमेंट का कहना है कि कर्मचारियों की संख्या में यह बढ़ोतरी डिमांड को लेकर बढ़ते भरोसे को दिखाती है। Infosys के मुताबिक, हेडकाउंट बढ़ना इस बात का संकेत है कि बाजार में काम और प्रोजेक्ट्स को लेकर स्थिति बेहतर हो रही है।
कंपनी ने बताया कि इस पूरे साल में उसने करीब 20,000 फ्रेशर्स को जॉइन कराया है। यही वजह है कि हाल की तिमाहियों में वर्कफोर्स तेजी से बढ़ी है। अगले वित्त वर्ष की हायरिंग प्लानिंग को लेकर पूरी जानकारी FY27 की शुरुआत में दी जाएगी।
कंपनी छोड़ने की दर में गिरावट
Infosys में कर्मचारियों के कंपनी छोड़ने की दर यानी एट्रिशन में भी सुधार देखने को मिला है। सितंबर तिमाही में एट्रिशन 14.3 प्रतिशत था, जो दिसंबर तिमाही में घटकर 12.3 प्रतिशत रह गया।
कंपनी के कुल कर्मचारियों में महिलाओं की हिस्सेदारी 39.5 प्रतिशत पर बनी हुई है, यानी इस मोर्चे पर कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।
रेवेन्यू ग्रोथ को लेकर भरोसा बढ़ा
दिसंबर तिमाही (Q3) के नतीजों के साथ Infosys ने पूरे FY26 के लिए अपनी कॉन्स्टेंट करेंसी रेवेन्यू ग्रोथ गाइडेंस को बढ़ाकर 3 से 3.5 प्रतिशत कर दिया है। इससे पहले कंपनी 2 से 3 प्रतिशत ग्रोथ का अनुमान दे रही थी।
हालांकि, कंपनी ने अपनी EBIT मार्जिन गाइडेंस को पहले की तरह 20 से 22 प्रतिशत पर ही बनाए रखा है।
डील विन्स ने दिया मजबूत संकेत
Infosys ने दिसंबर तिमाही में कुल $4.8 बिलियन की डील्स साइन की हैं। इनमें से 57 प्रतिशत डील्स बिल्कुल नई थीं। यह दिखाता है कि कंपनी को नए क्लाइंट्स और नए प्रोजेक्ट्स मिल रहे हैं, जिससे आगे की मांग को लेकर भरोसा बढ़ा है।