Infosys Headcount: आईटी कंपनी इंफोसिस के कर्मचारियों की संख्या में जनवरी-मार्च 2025 तिमाही के दौरान 199 का इजाफा हुआ। अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही में कंपनी ने 5,591 कर्मचारियों की बढ़ोतरी देखी थी, जिसके बाद कुल कर्मचारी 3,23,379 हो गए थे। जुलाई-सितंबर 2024 तिमाही में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में 2456 की बढ़ोतरी हुई थी वहीं अप्रैल-जून तिमाही में 1,908 एंप्लॉयीज कम हो गए थे।
पूरे वित्त वर्ष 2024-25 में इंफोसिस ने 6,388 कर्मचारियों को जोड़ा। इसके बाद इसके कुल कर्मचारियों की संख्या 323,578 हो गई। यह पिछले वित्त वर्ष 2024 में 317,240 थी। मार्च 2025 तिमाही में इंफोसिस में एट्रिशन रेट यानि एंप्लॉयीज के कंपनी छोड़कर जाने की दर बढ़कर 14.1 प्रतिशत हो गई। दिसंबर 2024 तिमाही में यह 13.7 प्रतिशत थी।
फ्रेशर्स सहित सभी लेवल्स पर भर्ती शुरू
इंफोसिस ने फ्रेशर्स सहित सभी लेवल्स पर भर्ती शुरू कर दी है। इंफोसिस के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर जयेश संघराजका का कहना है कि वित्त वर्ष 2026 में इंफोसिस ने 20,000 से ज्यादा फ्रेशर्स को हायर करने की योजना बनाई है। इंफोसिस के सीईओ सलिल पारेख ने मार्च 2025 तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि कंपनी को ऑफिस से काम करने वाले अधिक कर्मचारी मिल रहे हैं। पारेख के मुताबिक, "कंपनी स्तर पर, हम घर से काम करने की पॉलिसी के मामले में फ्लेक्सिबिल हैं। कुछ विभाग ऐसे हैं, जिनमें लोगों को ऑफिस में बुलाने की सुविधा है। कर्मचारियों ने इस फ्लेक्सिबिलिटी की बहुत सराहना की है।"
मैसूरु परिसर में ट्रेनीज की छंटनी पर क्या बोले CEO
कंपनी ने हाल ही में अपने मैसूरु परिसर में 400 ट्रेनीज को नौकरी से निकाला था क्योंकि वे लगातार तीन प्रयासों में इवैल्यूएशन टेस्ट में असफल रहे। निकाले गए ट्रेनीज की संख्या अक्टूबर 2024 में कंपनी में शामिल किए गए ट्रेनीज की लगभग आधी रही। इस छंटनी पर सीईओ ने कहा, 'हमारा व्यक्तियों को टेस्ट करने का एक कड़ा तरीका है, जो 20 वर्षों से एक जैसा ही है।' उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी ने छंटनी किए गए ट्रेनीज को सपोर्ट किया है ताकि उन्हें उन स्टैंडर्ड्स के लिए तैयार किया जा सके, जिनकी फर्म के ग्राहक अपेक्षा कर रहे हैं।