Intel vs Nvidia: चिप इंडस्ट्री में इस समय सबसे तेज आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) चिप बढ़ रही है। दिग्गज चिप कंपनी इंटेल (Intel) ने अब अपनी एआई चिप का एक नया वर्जन पेश किया है और इसके जरिए इसने एनवीडिया (Nvidia) को चुनौती दी है। न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक इस अपडेटेड प्रोसेसर का नाम Gaudi 3 रखा गया है। इंटेल ने मंगलवार को जानकारी दी कि यह तीसरी तिमाही में उपलब्ध हो जाएगा। इसे दो कामों को बढ़ाने के लक्ष्य से डिजाइन किया गया है। पहला तो एआई सिस्टम को ट्रेन करने में मदद करने जिसमें ढेर सारे डेटा पर वर्क होगा और दूसरा तो फिनिश्ड सॉफ्टवेयर पर काम करना।
Intel vs Nvidia: अभी किसका पलड़ा भारी
एआई सर्विसेज की मांग तेजी से बढ़ रही है और इसके चलते टेक कंपनियां तेजी से एक्सीलेरेटर चिप पर काम कर रही हैं। अभी तक इसका सबसे अधिक फायदा एनवीडिया को मिला है। गौडी (Gaudi) के इससे पहले जो वर्जन आए थे, वह इंटेल की उम्मीद के मुताबिक बाजार में दखल नहीं दे पाए। हालांकि अब इंटेल के सीईओ पैट गेलसिंगर (Pat Gelsinger) का मानना है कि इसका नया मॉडल काफी प्रभावी होगा।
आसान नहीं होगी इंटेल के लिए आगे की लड़ाई
एनवीडिया को चुनौती देना इंटेल के लिए आसान नहीं होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि एनवीडिया के H100 एक्सीलेरेटर ने इसका रेवेन्यू को डबल से अधिक बढ़ाने और मार्केट वैल्यूएशन को 2 लाख करोड़ डॉलर के पार ले जाने में मदद की और अब इसने एक नए चिप प्लेटफॉर्म ब्लैकवेल (Blackwell) लॉन्च किया। कंपनी ने पिछले महीने मार्च में खुलासा किया था कि इस सिस्टम पर आधारित प्रोडक्ट इस साल के आखिरी महीनों में उपलब्ध हो जाएगा।
दूसरी तरफ इंटेल के तैयारी की बात करें तो इसका दावा है कि H100 की तुलना में Gaudi 3 अधिक तेज और अधिक पावर एफिशिएंट होगा। दावे के मुताबिक यह कुछ एआई मॉडल्स को 1.7 गुना अधिक तेजी से और सॉफ्टवेयर चलाने में 1.5 गुना से अधिक स्पीड से काम करेगा। इंटेल के दावे के मुताबिक यह एनवीडिया के नए H200 के समान ही काम करेगा लेकिन कुछ मामले में तो यह इससे भी बेहतर होगा। ब्लैकवेल से तुलना को लेकर इंटेल ने कहा कि अभी तो इसके प्रोडक्ट्स ही नहीं आए हैं। एनवीडिया के अलावा एक और कंपनी एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेज भी इस फील्ड में टक्कर दे रही है। यह इंटेल की लंबे समय से कॉम्पटीटर है और इसने दिसंबर में MI300 नाम के एक्सेलेरेटर लाइनअप का खुलासा किया।