टाटा मोटर्स के मालिकाना हक वाली लग्जरी व्हीकल कंपनी जगुआर लैंड रोवर (JLR) के CEO एड्रियन मार्डेल पद छोड़ रहे हैं। वह पिछले 35 सालों से कंपनी के साथ हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, JLR के प्रवक्ता ने कहा है कि एड्रियन मार्डेल ने जगुआर लैंड रोवर से रिटायर होने की इच्छा जताई है। वह 3 साल से कंपनी के CEO हैं। उनकी जगह कौन लेगा, इसकी घोषणा जल्द ही की जाएगी।
मार्डेल ने 1990 में JLR को जॉइन किया था। जून 2019 में वह चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर बने और उसके बाद नवंबर 2022 में CEO की कमान संभाली। JLR एक कंप्लीट रीलॉन्च की तैयारी में है। यह अगले साल हो सकता है। इसके चलते कंपनी ने ज्यादातर जगुआर मॉडल्स का उत्पादन बंद कर दिया है।
जाने वाली हैं 500 नौकरियां
हाल ही में खबर आई थी कि जगुआर लैंड रोवर ब्रिटेन में सैकड़ों मैनेजीरियल रोल्स में कटौती करने जा रही है। कंपनी ऐसा एक वॉलंटरी रिटायरमेंट प्रोग्राम के तहत कर रही है। JLR ने कहा है कि यह कदम लीडरशिप रोल वाली वर्कफोर्स को बिजनेस की मौजूदा और भविष्य की जरूरत के अनुरूप बनाने के मकसद से उठाया गया है। यह छंटनी नियमित समय पर होने वाली वॉलंटरी रिटायरमेंट स्कीम की प्रक्रिया का हिस्सा है।
कंपनी रेगुलर बेसिस पर पात्र कर्मचारियों को इस स्कीम की पेशकश करती है। जॉब कट में केवल मैनेजीरियल लेवल के कर्मचारी ही शामिल होंगे। JLR के इस कदम से लगभग 500 नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं।
JLR अमेरिका के हाई टैरिफ के असर के साथ-साथ वैश्विक मांग में नरमी जैसी चुनौतियों से जूझ रही है। ब्रिटेन और अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते के बाद अमेरिका में जाने वाली ब्रिटेन में बनी कारों पर टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दिया गया है। व्यापार समझौते की शर्तों के अनुसार, अमेरिका को ब्रिटेन से कारों का सालाना निर्यात 1,00,000 मॉडल तक सीमित रखा गया है। इस लिमिट के क्रॉस होने पर ब्रिटेन की कारों पर हाई टैरिफ रेट लागू होगी।