प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार 19 जुलाई को जेट एयरवेज (Jet Airways) के फाउंडर और पूर्व प्रमोटर नरेश गोयल (Naresh Goyal) के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का एक नया मामला दर्ज किया। यह कदम गोयल के खिलाफ केंद्रीय जांच एसेंजी सीबीआई (CBI) की चल रही जांच के बाद उठाया गया है। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, ED ने बुधवार को फॉरेन एक्सचेंज से जुड़े नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर बुधवार को नरेश गोयल और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी कर तलाशी भी ली।
इस छापेमारी के दौरान नरेश गोयल के घर पर भी एजेंसी की एक टीम पहुंची थी। इससे पहले फरवरी में बॉम्बे हाई कोर्ट ने नरेश गोयल और उनकी पत्नी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED की चल रही जांच को रद्द कर दिया था। हाई कोर्ट ने किसी संभावित अपराध की संभावना नहीं होने के कारण यह मामला रद्द किया था। हालांकि कोर्ट ने यह भी कहा था कि अगर कोई नया मामला सामने आता है तो ED उसकी जांच कर सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नरेश गोयल के खिलाफ नया मनी लॉन्ड्रिंग मामला CBI की ओर से दर्ज की गई FIR के आधार पर दर्ज किया गया है। इस FIR को केनरा बैंक ने दर्ज कराया था। बैंक ने नरेश गोयल पर आपराधिक साजिश, विश्वासघात और गलत कारोबारी तरीके अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि इसके चलते उसे 538.62 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।