जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड (JSL) 5400 करोड़ रुपये के निवेश की तैयारी में है। कंपनी अपनी प्रोडक्शन कैपिसिटी को 42 लाख टन सालाना तक बढ़ाना चाहती है। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर अभ्युदय जिंदल ने बुधवार को यह जानकारी दी। जिंदल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि यह निवेश अगले दो साल के दौरान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगभग 90 फीसदी निवेश आंतरिक स्रोतों से आएगा।
Jindal Stainless के मैनेजिंग डायरेक्टर का बयान
निवेश योजना से जुड़ी डिटेल साझा करते हुए जिंदल ने कहा, "इससे कंपनी की धातु पिघलाने की क्षमता 700 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के कारण 40 फीसदी बढ़कर 42 लाख टन प्रति वर्ष हो जाएगी।" दूसरा, कंपनी ने ओडिशा के जाजपुर में अपने प्लांट में डाउनस्ट्रीम लाइनों के विस्तार के लिए लगभग 1,900 करोड़ रुपये अलग रखे हैं।
इसके अलावा कंपनी ने रेलवे साइडिंग, टिकाऊपन से संबंधित परियोजनाओं और नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन जैसी अवसंरचना सुविधाओं के संबंधित उन्नयन के लिए लगभग 1,450 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं।
CSPL में 54 फीसदी इक्विटी हिस्सेदारी खरीदने का प्लान
जिंदल स्टेनलेस क्रोमेनी स्टील्स प्राइवेट लिमिटेड (CSPL) में 54 फीसदी इक्विटी हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी। जिंदल स्टेनलेस ने कहा कि लेनदेन में लगभग 1340 करोड़ रुपये का खर्च शामिल है, जिसमें लगभग 1295 करोड़ रुपये के मौजूदा डेट का अधिग्रहण और इक्विटी खरीद के लिए लगभग 45 करोड़ रुपये की शेष राशि शामिल है।