JK Cement Q1 results: जेके सीमेंट (JK Cement) ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 75.5% की दमदार बढ़त के साथ ₹324.3 करोड़ रहा। यह पिछले साल इसी तिमाही में ₹184.8 करोड़ था। वहीं, परिचालन से राजस्व (Revenue from Operations) 19.4% बढ़कर ₹3,352.5 करोड़ पहुंच गया, जो पिछले साल ₹2,807.6 करोड़ था।
EBITDA और मार्जिन में सुधार
जेके सीमेंट का ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) 41.4% बढ़कर ₹687.6 करोड़ हो गया। यह पिछले साल ₹486.3 करोड़ था। मार्जिन में भी सुधार हुआ। यह 17.3% से बढ़कर 20.5% हो गया।
ग्रे सीमेंट और वॉल पुट्टी से ग्रोथ
यह दमदार प्रदर्शन मुख्य रूप से ग्रे सीमेंट सेगमेंट में वॉल्यूम ग्रोथ, मध्य भारत और बिहार जैसे प्रमुख बाजारों में बेहतर रियलाइजेशन और हेल्दी प्रोडक्ट मिक्स की वजह से रहा। व्हाइट सीमेंट और वॉल पुट्टी की वॉल्यूम्स में भी 8% की ग्रोथ दर्ज की गई।
जेके सीमेंट पन्ना (मध्यप्रदेश) में 4 MTPA ग्रे क्लिंकर यूनिट बना रही है। इसमें 76% काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा पन्ना, हमीरपुर और प्रयागराज में 1-1 MTPA की क्षमता वाले सीमेंट प्लांट्स पर काम जारी है। बिहार में 3 MTPA की ग्राइंडिंग यूनिट भी बनाई जा रही है, जो दिसंबर 2025 तक शुरू होने की उम्मीद है।
अब तक, जेके सीमेंट ने क्लिंकर और सीमेंट प्रोजेक्ट्स पर ₹1,429 करोड़ और बिहार यूनिट पर ₹284 करोड़ खर्च कर चुका है।
वैल्यू एडेड प्रोडक्ट्स पर फोकस
जेके सीमेंट ने बढ़ती डिमांड को देखते हुए राजस्थान के नाथद्वारा के पास 6 लाख MTPA की वॉल पुट्टी यूनिट लगाने का फैसला किया है। भी स्थापित करेगी। इसकी लागत ₹195 करोड़ होगी। इसे FY27 तक शुरू किया जाएगा।
अधिग्रहण से कैपेसिटी में इजाफा
जेके सीमेंट ने जून 2025 में जम्मू-कश्मीर में स्थित एक सीमेंट और क्लिंकर यूनिट में 60% हिस्सेदारी ₹149.81 करोड़ में खरीदी। इससे उसकी 0.42 MTPA सीमेंट और 0.26 MTPA क्लिंकर क्षमता बढ़ी है।
जेके सीमेंट के शेयरों का हाल
जेके सीमेंट के शेयर शुक्रवार को 1.21% की बढ़त के साथ 6,483.00 रुपये बंद हुए। बीते 1 महीने के दौरान स्टॉक में 11.40% की तेजी आई है। वहीं, पिछले 6 महीने में निवेशकों को 43.89% रिटर्न मिला है। इस साल यानी 2025 में अब तक स्टॉक 41.50% ऊपर गया है। कंपनी का मार्केट कैप 50.39 हजार करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।