T20 World Cup 2024 : स्कॉटलैंड और आयरलैंड की जर्सी में दिखेगा भारत का डेयरी ब्रांड, लेकिन हो रही है आलोचना, जानिए पूरा मामला

KMF के इस कदम की आलोचना भी हो रही है। इंफोसिस के पूर्व मुख्य वित्तीय अधिकारी टी वी मोहनदास पाई ने इस कदम की आलोचना की। उन्होंने X पर लिखा, कितना शर्मनाक है। वे कर्नाटक के किसानों का पैसा विदेशी टीम के प्रायोजन पर क्यों लगा रहे हैं। इससे क्या मिलेगा

अपडेटेड Apr 21, 2024 पर 5:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कर्नाटक मिल्क फेडरेशन (KMF) आगामी टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड और आयरलैंड की टीमों को स्पॉन्सर करने वाला है।

कर्नाटक मिल्क फेडरेशन (KMF) आगामी टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड और आयरलैंड की टीमों को स्पॉन्सर करने वाला है। मनीकंट्रोल ने सबसे पहले यह जानकारी दी थी। KMF नंदिनी ब्रांड के तहत डेयरी प्रोडक्ट्स बेचता है। इस साल टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन 1 से लेकर 29 जून तक वेस्टइंडीज और अमेरिका में होने वाला है। इस टूर्नामेंट में दुनियाभर की 20 टीमें हिस्सा लेंगी। मनीकंट्रोल को केएमएफ के मैनेजिंग डायरेक्टर एमके जगदीश ने इसकी पुष्टि की है।

KMF के मैनेजिंग डायरेक्टर का बयान

KMF के मैनेजिंग डायरेक्टर एमके जगदीश ने कहा, "हमने 20 अप्रैल को ITW कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड को दो टीमों स्कॉटलैंड और आयरलैंड को स्पॉन्सर करने के लिए वर्क ऑर्डर जारी किया है। नंदिनी लोगो लीड आर्म जर्सी पर आएगा (यानी, बाएं हाथ के बल्लेबाजों के लिए दाहिना हाथ और दाएं हाथ के बल्लेबाजों के लिए बायां हाथ)। दोनों टीमें हमारे एडवर्टाइजमेंट, सोशल मीडिया कैंपेन, फोटो शूट और हमारे प्रोडक्ट्स का समर्थन करने में शामिल होंगी, जिन्हें हम टूर्नामेंट के दौरान प्रसारित करेंगे। यह कर्नाटक में हर किसी के लिए गर्व का क्षण होगा।"


KMF की हो रही है आलोचना

KMF के इस कदम की आलोचना भी हो रही है। इंफोसिस के पूर्व मुख्य वित्तीय अधिकारी टी वी मोहनदास पाई ने इस कदम की आलोचना की। उन्होंने X पर लिखा, "कितना शर्मनाक है। वे कर्नाटक के किसानों का पैसा विदेशी टीम के प्रायोजन पर क्यों लगा रहे हैं। इससे क्या मिलेगा? गरीब किसानों को अच्छा भुगतान करो। यह कर्नाटक के सहकारी संघ की बर्बादी है।" इस पर जगदीश ने कहा, "हमारा 85 फीसदी राजस्व किसानों को ही जाता है। हम अपने उत्पाद के प्रचार के लिए क्रिकेट टीम का प्रायोजन कर रहे हैं। हमें वैश्विक होने की जरूरत है।"

एनर्जी ड्रिंक लॉन्च करेगा नंदिनी ब्रांड

केएमएफ के मैनेजिंग डायरेक्टर एमके जगदीश ने कहा, "यह सच है। हम विश्व कप के लिए दोनों क्रिकेट टीमों को प्रायोजित करने जा रहे हैं। हम एनर्जी ड्रिंक लाना चाहते हैं।" केएमएफ एमडी ने कहा कि वे टूर्नामेंट के दौरान अमेरिका में एनर्जी ड्रिंक नंदिनी स्पलैश (Nandini Splash) लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं। जगदीश ने आगे कहा, "हम पहली बार आम, संतरा, लीची और नींबू जैसे कई स्वादों के साथ एक मट्ठा-आधारित एनर्जी ड्रिंक नंदिनी स्पलैश लॉन्च करना चाहते हैं। हम इसे अमेरिका में बड़े पैमाने पर बेचना चाहते हैं। हम इस पर अधिक फोकस कर रहे हैं।"

अपने प्रोडक्ट्स का प्रचार करना चाहती है कंपनी

एमके जगदीश ने कहा कि वे नए प्रोडक्ट्स की एक सीरिज लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा, "हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि हमारे प्रोडक्ट वर्ल्ड कप के समय अमेरिका में उपलब्ध हों ताकि लोगों को पता चल सके कि नंदिनी ब्रांड ग्लोबल हो रहा है। नंदिनी ब्रांड के तहत कई प्रोडक्ट्स का स्वाद भी लिया जा सकता है। यह हमारे ब्रांड को ग्लोबल लेवल पर प्रदर्शित करने का एक शानदार आयोजन होगा।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।