Samsung Layoff: छंटनी की मार अभी तक कम नहीं हुई है। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स दक्षिण पूर्व एशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में अपने एंप्लॉयीज की छंटनी कर रही है, जोकि दुनिया भर में हजारों नौकरियों को खत्म करने की इसकी योजना का एक हिस्सा है। न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग को सूत्रों के हवाले से यह जानकारी मिली है। सूत्र के मुताबिक जिन देशों में छंटनी हो रही है, वहां के करीब 10 फीसदी एंप्लॉयीज पर इसकी मार पड़ेगी। हालांकि इस आंकड़े में थोड़ा ऊपर-नीचे हो सकता है। सूत्र ने यह भी बताया कि इसकी और विदेशी सब्सिडियरीज में छंटनी हो सकती है और करीब 10 फीसदी एंप्लॉयीज की नौकरी जा सकती है। सूत्र के मुताबिक छंटनी की मार मैनुफैक्चरिंग एंप्लॉयीज पर नहीं पड़ेगी जबकि मैनेजमेंट और सपोर्ट फंक्शन को झटका लग सकता है। कंपनी हाल ही में भारत और कुछ लैटिन अमेरिकी देशों में करीब 10% नौकरियों में कटौती कर चुकी है।
दक्षिण कोरिया में नहीं होगी छंटनी
सैमसंग दक्षिण कोरिया की कंपनी है। विदेशों में इसके करीब 1.47 लाख एंप्लॉयीज हैं जो इसके 267,800 से अधिक एंप्लॉयीज के आधे से अधिक है। सैमसंग ने छंटनी की जो योजना बनाई है, उसके तहत यह सिर्फ विदेशों में ही अपने सब्सिडियरीज से ही एंप्लॉयीज को निकालेगी, अपने घरेलू मार्केट यानी दक्षिण कोरिया में किसी एंप्लॉयीज की छंटनी नहीं करेगी। दक्षिण कोरिया में एंप्लॉयीज के साथ कंपनी का विवाद चल रहा है और मई में पहली बार इसके सबसे बड़े यूनियनों ने हड़ताल की।
Samsung की कैसी है कारोबारी सेहत?
मेमोरी चिप और स्मार्टफोन बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी सैमसंग के कारोबार को दुनिया के कुछ अहम बाजारों में झटका लगा है। इसके चलते सैमसंग के शेयर इस साल 20 फीसदी से अधिक गिर चुके हैं। एआई में इस्तेमाल होने वाली मेमोरी चिप के मामले में यह अपने प्रतिद्वंदी SK Hynix से पीछे रह गई है। इसके अलावा बाहरी ग्राहकों के लिए कस्टम-मेड चिप के प्रोडक्शन में इसकी ग्रोथ ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी की तुलना में बहुत कम रही।