Layoffs 2026: जनवरी खत्म होने से पहले ही 2026 में छंटनी की शुरुआत हो चुकी है। हाल ही में कम से कम तीन बड़ी ग्लोबल कंपनियों ने कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है। 2025 में शुरू हुआ नौकरियां खत्म करने का सिलसिला 2026 में भी थमता नहीं दिख रहा है। इस दौरान मेटा, सिटीग्रुप और ब्लैकरॉक जैसी बड़ी कंपनियों ने अपने अलग-अलग डिपार्टमेंट से हजारों कर्मचारियों की छुट्टी करने जा रही है। सबसे ताजा ऐलान ब्लैकरॉक की तरफ से आई है। कंपनी ने बताया है कि वह इसी महीने सैकड़ों कर्मचारियों को नौकरी से निकालने वाली है। इससे साफ है कि ग्लोबल लेवल पर छंटनी का असर अभी आगे भी देखने को मिल सकता है।
2026 में छंटनी करने वाली प्रमुख कंपनियां
10 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी करेगा मेटा!
मेटा में छंटनी की योजना सामने आई है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्क जुकरबर्ग के नेतृत्व वाली कंपनी अपने रियलिटी लैब्स डिवीजन में करीब 10 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। रिपोर्ट में बताया गया है कि यह कदम कंपनी के पुनर्गठन का हिस्सा है। मेटा अब वर्चुअल रियलिटी प्रोडक्ट्स पर खर्च कम करके आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े प्रोजेक्ट्स, खासतौर पर AI से चलने वाले वियरेबल डिवाइसेज़ पर ज्यादा निवेश करना चाहती है। सूत्रों के अनुसार, यह छंटनी इसी हफ्ते के अंत तक हो सकती है। इससे पहले भी पिछले साल मार्क जुकरबर्ग ने रियलिटी लैब्स यूनिट में बजट घटाने के निर्देश दिए थे।
सिटीग्रुप कर सकता है 1000 कर्मचारियों की छंटनी
बैंकिंग कंपनी सिटीग्रुप इस हफ्ते करीब 1,000 कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। यह फैसला कंपनी की सीईओ जेन फ्रेजर की उस योजना का हिस्सा है, जिसके तहत खर्च कम करने और मुनाफा बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। कंपनी के मुताबिक, सितंबर के अंत तक सिटीग्रुप में करीब 2.27 लाख कर्मचारी काम कर रहे थे। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, यह छंटनी दो साल पहले घोषित की गई एक बड़ी पुनर्गठन योजना का हिस्सा है। इस योजना का लक्ष्य 2026 के अंत तक करीब 20,000 पदों को खत्म करना है।
सिटीग्रुप ने एक बयान में कहा है कि 2026 में भी कर्मचारियों की संख्या घटाने की प्रक्रिया जारी रहेगी। बैंक का कहना है कि ये बदलाव इसलिए किए जा रहे हैं ताकि कर्मचारियों की संख्या, उनकी जगह और उनकी विशेषज्ञता मौजूदा कारोबारी जरूरतों के मुताबिक हो सके। साथ ही, तकनीक के जरिए कामकाज को ज्यादा प्रभावी बनाया जा रहा है। साल 2021 में जेन फ्रेजर के सीईओ बनने के बाद से सिटीग्रुप ने अपने कई अंतरराष्ट्रीय रिटेल कारोबार बंद किए हैं और अब अपने मुख्य बिजनेस को मजबूत करने पर ध्यान दे रही है।
ग्लोबल इन्वेस्टमेंट कंपनी ब्लैकरॉक ने सोमवार को घोषणा की कि वह सैकड़ों कर्मचारियों की छंटनी करेगी। इसके साथ ही वह कर्मचारियों की संख्या घटाने वाली वॉल स्ट्रीट की ताज़ा बड़ी कंपनी बन गई है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्लैकरॉक के कुल कर्मचारियों में से करीब 1 प्रतिशत, यानी लगभग 250 लोग, इस छंटनी से प्रभावित होंगे। यह कटौती कंपनी के सभी विभागों में की जाएगी।
कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा कि ब्लैकरॉक को लगातार बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि हर साल कंपनी ऐसे फैसले लेती है, जिससे उसके संसाधन उसके लक्ष्यों के मुताबिक रहें और वह आज और भविष्य में अपने ग्राहकों को बेहतर सेवा दे सके। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब दुनिया की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी के सीईओ ब्लैकरॉक को अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट के क्षेत्र में और आगे बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।