मैनफोर्स (Manforce) कॉन्डोम और प्रेग्नेंसी किट प्रेगा न्यूज (Prega News) बेचने वाली दिग्गज फार्मा कंपनी मैनकाइंड फार्मा (Mankind Pharma) आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है। निजी इक्विटी फर्म क्रिसकैपिटल (ChrysCapital) के निवेश वाली मैनकाइंड फार्मा ने बाजार नियामक सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट प्रॉस्पेक्टस फाइल कर दिया है।
मनीकंट्रोल को सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक कंपनी यह आईपीओ 70 करोड़ डॉलर (5587 करोड़ रुपये) से अधिक का हो सकता है। इस साइज में अगर मैनकाइंड का आईपीओ आता है तो फार्मा सेक्टर में दूसरा सबसे बड़ा आईपीओ हो सकता है। इस सेक्टर में सबसे बड़े आईपीओ का रिकॉर्ड ग्लैंड फार्मा के नाम पर है जिसने नवंबर 2020 में 86.9 करोड़ डॉलर का आईपीओ लाया था।
पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल का हो सकता है इशू
एक सूत्र ने मनीकंट्रोल से बातचीत में जानकारी दी कि कंपनी ने ड्राफ्ट फाइल कर दिया है। इसके पास नगदी की अधिकता है और अब कंपनी बेहत मार्जिन के लिए ओटीसी प्रोडक्ट्स वर्टिकल में विस्तार करने की कोशिश कर रही है। जानकारी के मुताबिक आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल का हो सकता है। दो और सूत्रों के मुताबिक अन्य फार्मा कंपनियों के मुकाबले मैनकाइंड फार्मा का अधिकतम कारोबार भारत में ही है जिसके चलते यह निवेशकों को आकर्षित कर सकता है। एक और सूत्र ने कहा कि बाजार की परिस्थितियों के मुताबिक इसका आईपीओ 700-800 करोड़ डॉलर तक या इससे अधिक भी हो सकता है।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
मैनकाइंड फार्मा प्रिस्क्रिप्शन मेडिसिन्स, ओटीसी प्रोडक्ट्स और वेटर्नियरी मेडिसिन बनाती है। इसके टॉप ब्रांड की बात करें तो प्रेगा न्यूज, मैनफोर्स, अनवांटेड-21, एक्नेस्टार, रिंगआउट, गैस-ओ-फास्ट और कब्जएंड के तहत अपने प्रोडक्ट्स की बिक्री करती है। कंपनी के वेबसाइट पर दी गई डिटेल्स के मुताबिक इसमें 14 हजार से अधिक कर्मी काम करते हैं और इसका कारोबार अमेरिका, श्रीलंका, कंबोडिया, केन्या, कैमरून, म्यांमार और फिलीपींस समेत 34 देशों में है।
वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2021 में कंपनी ने 6385 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल किया था। कंपनी को वित्त वर्ष 2020-21 में 1293 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) प्राप्त हुआ था। कंपनी के पोंटा साहिब (हिमाचल प्रदेश), सिक्किम, विजग और राजस्थान समेत 21 जगहों पर प्लांट हैं।