Meta Layoffs: इस साल अब और छंटनी की उम्मीद नहीं, मार्क जुकरबर्ग का कर्मचारियों को संदेश

Meta Layoffs: कुल मिलाकर, इस हफ्ते घोषित की गई छंटनी और तबादलों का असर कंपनी के लगभग 20 प्रतिशत कर्मचारियों पर पड़ रहा है। मेटा ने नवंबर 2022 में 11,000 और इसके करीब 4 महीने बाद 10,000 लोगों की छंटनी की थी

अपडेटेड May 21, 2026 पर 9:34 AM
Story continues below Advertisement
31 दिसंबर 2025 तक Meta में करीब 79,000 कर्मचारी थे।

Meta के CEO मार्क जुकरबर्ग ने कर्मचारियों से कहा है कि उन्हें इस साल अब कंपनी में और छंटनी होने की उम्मीद नहीं है। रॉयटर्स के मुताबिक, जुकरबर्ग ने यह बात एक इंटर्नल मेमो में कही है। 20 मई को खबर आई कि मेटा ने कंपनी में बड़े पैमाने पर रीस्ट्रक्चरिंग के तहत दुनिया भर में अपने 10 प्रतिशत कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया। इतना ही नहीं 7,000 अन्य कर्मचारियों को AI वर्कफ्लो से जुड़ी नई पहलों में भेज दिया।

जुकरबर्ग ने मेमो में कहा है, "मैं यह साफ कर देना चाहता हूं कि हमें इस साल मेटा में और छंटनी की उम्मीद नहीं है। मैं यह भी मानता हूं कि हम अपनी बातचीत में उतने साफ नहीं रहे हैं, जितना हम बनना चाहते हैं। और यह एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें मैं यह पक्का करना चाहता हूं कि हम सुधार करें।"

इससे पहले ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार जो छंटनी हो रही है, उसकी मार सबसे अधिक मेटा की इंजीनियरिंग और प्रोडक्ट टीमों पर पड़ेगी। साल के आखिरी तक अतिरिक्त छंटनी भी हो सकती है। लेकिन अब जुकरबर्ग के मैसेज के बाद लगता है कि मेटा कर्मचारी थोड़ी राहत की सांस ले सकेंगे।


AI में निवेश बढ़ा रही है Meta

मेटा आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस यानि कि AI में अपना निवेश बढ़ा रही है, ताकि वह अपनी प्रोडक्ट ऑफरिंग और काम करने के अपने अंदरूनी तरीके, दोनों में AI एजेंट्स को मुख्य भूमिका में ला सके। कुल मिलाकर, इस हफ्ते घोषित की गई छंटनी और तबादलों का असर कंपनी के लगभग 20 प्रतिशत कर्मचारियों पर पड़ रहा है।

Standard Chartered में 15% एंप्लॉयीज पर लटकी छंटनी की तलवार, टेक सेक्टर के बाद फाइनेंशियल सेक्टर पर AI का कहर

2022 और 2023 में भी बड़े पैमाने पर निकाले थे लोग

इस साल अप्रैल में खबर आई थी कि मार्क जुकरबर्ग की कंपनी में 20 प्रतिशत जॉब कट हो सकती हैं या फिर करीब 16000 कर्मचारी बाहर हो सकते हैं। 31 दिसंबर 2025 तक मेटा में करीब 79,000 कर्मचारी थे। मेटा ने नवंबर 2022 में 11,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी, जो उस समय उसके कुल कर्मचारियों का करीब 13% था। इसके करीब चार महीने बाद, कंपनी ने 10,000 और नौकरियों में कटौती करने की घोषणा की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।