फेसबुक, वॉट्सऐप, इंस्टाग्राम की पेरेंट कंपनी मेटा (Meta) ने कंपनी में बड़े पैमाने पर रीस्ट्रक्चरिंग के तहत दुनिया भर में अपने 10 प्रतिशत कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया। यह आंकड़ा लगभग 8000 कर्मचारियों को रेप्रेजेंट करता है। इतना ही नहीं 7,000 अन्य कर्मचारियों को AI वर्कफ्लो से जुड़ी नई टीम्स में भेज दिया गया है। बिजनेस इनसाइडर की एक रिपोर्ट के अनुसार, मार्च 2026 के अंत तक मेटा के पास लगभग 78,000 कर्मचारी थे।
इस बीच कई लोगों में इस बात की जिज्ञासा है कि मेटा, निकाले जाने वाले कर्मचारियों को क्या ऑफर कर रही है। यानि कि सेवरेंस पैकेज या मुआवजे के तौर पर क्या दे रही है। बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, एक इंटर्नल मेमो में संयुक्त राज्य अमेरिका में छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों के लिए मुआवजे का जिक्र है।
जो कर्मचारी कंपनी छोड़ रहे हैं, उन्हें मिनिमम सेवरेंस कंपोनेंट के रूप में 16 सप्ताह की बेसिक सैलरी मिलेगी। इसके अलावा, कर्मचारियों को लगातार सर्विस के हर पूरे साल के लिए दो सप्ताह का अतिरिक्त वेतन पाने का अधिकार होगा। उदाहरण के लिए जिस कर्मचारी को नौकरी करते हुए एक साल हो गया है, उसे दो सप्ताह का अतिरिक्त वेतन मिलेगा। वहीं जिसने 5 साल पूरे कर लिए हैं, उसे बेस पैकेज के ऊपर 10 अतिरिक्त सप्ताह का वेतन मिलेगा।छंटनी के तहत जिन कर्मचारियों की नौकरी जा रही है, उन्हें नौकरी खत्म होने के बाद भी एक निश्चित वक्त तक हेल्थकेयर बेनिफिट्स का फायदा दिया जाएगा। प्रभावित कर्मचारियों और उनके आश्रितों को 18 महीने तक मेडिकल कवरेज मिलता रहेगा।
संयुक्त राज्य अमेरिका के बाहर के कर्मचारियों को भी इसी तरह के पैकेज मिलेंगे, हालांकि उनका सटीक स्ट्रक्चर अलग-अलग देशों के रोजगार नियमों और नेशनल पॉलिसी फ्रेमवर्क के आधार पर अलग-अलग होगा।कंपनी का कहना है कि रीस्ट्रक्चरिंग के कदम का मकसद कामकाज को सुव्यवस्थित करना और संसाधनों को कार्यक्षमता में सुधार और निवेश के नए क्षेत्रों की ओर मोड़ना है।
क्या इस साल आगे और होगी छंटनी
Meta के CEO मार्क जुकरबर्ग ने कर्मचारियों से कहा है कि उन्हें इस साल अब कंपनी में और छंटनी होने की उम्मीद नहीं है। रॉयटर्स के मुताबिक, जुकरबर्ग ने यह बात एक इंटर्नल मेमो में कही है। जुकरबर्ग का कहना है, "मैं यह साफ कर देना चाहता हूं कि हमें इस साल मेटा में और छंटनी की उम्मीद नहीं है। मैं यह भी मानता हूं कि हम अपनी बातचीत में उतने साफ नहीं रहे हैं, जितना हम बनना चाहते हैं। और यह एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें मैं यह पक्का करना चाहता हूं कि हम सुधार करें।"
इस हफ्ते घोषित की गई छंटनी और तबादलों का असर कंपनी के लगभग 20 प्रतिशत कर्मचारियों पर पड़ रहा है। मेटा ने नवंबर 2022 में 11,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी, जो उस समय उसके कुल कर्मचारियों का करीब 13% था। इसके करीब चार महीने बाद, कंपनी ने 10,000 और नौकरियों में कटौती करने की घोषणा की थी।