Warner Bros. Discovery को खरीदने की रेस से नेटफ्लिक्स हुई बाहर, नहीं बढ़ाएगी टेकओवर ऑफर; पैरामाउंट का रास्ता साफ

Warner Bros. Discovery के साथ डील के तहत पैरामाउंट के लेटेस्ट ऑफर में कैश में 31 डॉलर प्रति शेयर की खरीद कीमत शामिल है। नेटफ्लिक्स ने वार्नर ब्रदर्स के स्टूडियो और स्ट्रीमिंग बिजनेस के लिए 27.75 डॉलर प्रति शेयर या 82.7 अरब डॉलर की बोली लगाई थी

अपडेटेड Feb 27, 2026 पर 9:18 AM
Story continues below Advertisement
Netflix के को-CEO टेड सारंडोस और ग्रेग पीटर्स ने कहा कि वे पैरामाउंट स्काईडांस के लेटेस्ट ऑफर को मैच नहीं कर रहे हैं।

नेटफ्लिक्स अब वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी इंक (Warner Bros Discovery Inc) के टीवी, फिल्म स्टूडियोज और स्ट्रीमिंग डिवीजन को खरीदने की रेस से बाहर हो गई है। कंपनी ने फैसला किया है कि वह अपना टेकओवर ऑफर नहीं बढ़ाएगी। नेटफ्लिक्स के इस फैसले से पैरामाउंट स्काईडांस के इस डील में सफल होने का रास्ता साफ हो गया है।

नेटफ्लिक्स के को-CEO टेड सारंडोस और ग्रेग पीटर्स ने कहा कि वे पैरामाउंट स्काईडांस के लेटेस्ट ऑफर को मैच नहीं कर रहे हैं। नेटफ्लिक्स के काउंटर ऑफर के बिना वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी का बोर्ड अब पैरामाउंट के साथ आगे बढ़ने के लिए फ्री है। नेटफ्लिक्स ने वार्नर ब्रदर्स के स्टूडियो और स्ट्रीमिंग बिजनेस के लिए 27.75 डॉलर प्रति शेयर या 82.7 अरब डॉलर की बोली लगाई थी।

इस बीच यह भी खबर आई कि अमेरिका का न्याय विभाग, ने​टफ्लिक्स के ऑफर की जांच कर रहा है। विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि कहीं इसमें कोई मोनोपोली तो नहीं है, कहीं यह इस खरीद की रेस में शामिल दूसरे क्रिएटर्स पर एंटी-कॉम्पिटिटिव असर तो नहीं डाल रहा है।


पैरामाउंट का लेटेस्ट ऑफर

वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के साथ डील के तहत पैरामाउंट के लेटेस्ट ऑफर में कैश में 31 डॉलर प्रति शेयर की खरीद कीमत शामिल है। इससे वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी की वैल्यू लगभग 108 अरब डॉलर हो जाती है। पैरामाउंट ने यह भी पेशकश की है कि अगर डील रेगुलेटरी वजहों से पूरी नहीं हो पाती है, तो वह 7 अरब डॉलर की रेगुलेटरी टर्मिनेशन फीस देगी। पैरामाउंट स्काईडांस ने यह भी ऑफर दिया था कि अगर वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी, नेटफ्लिक्स के साथ डील नहीं करती है तो वह उसकी ओर से 2.8 अरब डॉलर की रिवर्स ब्रेकअप फीस को नेटफ्लिक्स को देगी।

खास बात यह है कि पैरामाउंट के ऑफर में ओरेकल के फाउंडर लैरी एलिसन की तरफ से एक कमिटमेंट भी शामिल है। वह यह कि अगर पैरामाउंट के लोन देने वाले बैंकों की सॉल्वेंसी जरूरतों को पूरा करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो वे और फंडिंग देंगे। लैरी एलिसन, पैरामाउंट स्काईडांस के CEO डेविड एलिसन के पिता हैं।

TikTok वाली ByteDance में हिस्सा बेच रही है जनरल अटलांटिक, 550 अरब डॉलर आंकी गई कंपनी की वैल्यू

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।