आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में टैलेंट की होड़ और तेज हो गई है। OpenAI ने फेसबुक और वॉट्सऐप की मालिक Meta के चर्चित AI रिसर्चर रुओमिंग पैंग (Ruoming Pang) को अपनी टीम में शामिल कर लिया है। खास बात यह है कि पैंग कुछ ही महीने पहले टेक दिग्गज Apple से Meta में गए थे। The Information की रिपोर्ट के मुताबिक, OpenAI ने कई महीनों की कोशिश के बाद उन्हें अपने साथ जोड़ा।
Meta में क्या जिम्मेदारी थी?
Meta में रुओमिंग पैंग Superintelligence Labs के तहत AI इंफ्रास्ट्रक्चर की अगुवाई कर रहे थे। यही वह डिवीजन है, जिसे कंपनी के अगली पीढ़ी के AI मॉडल डेवलप करने की जिम्मेदारी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले हफ्ते उन्होंने Meta छोड़ दिया।
Meta से पहले पैंग Apple में मॉडल डेवलपमेंट टीम का नेतृत्व कर चुके थे। पिछले साल वे Meta से जुड़े थे। बताया जाता है कि उन्हें 200 मिलियन डॉलर (लगभग ₹1,820 करोड़) से ज्यादा के मल्टी-ईयर पैकेज पर नियुक्त किया गया था। यह पैकेज खास परफॉर्मेंस माइलस्टोन से जुड़ा था।
उनका Apple छोड़कर Meta जाना पहले ही कंपनी के लिए झटका माना गया था, क्योंकि Apple AI मॉडल विकसित करने और अपने डिवाइस में एडवांस फीचर जोड़ने में संघर्ष कर रहा है।
Apple ने ऑफर मैच नहीं किया
रिपोर्ट के मुताबिक, मेटा का ऑफर इतना बड़ा था कि Apple ने उसे काउंटर नहीं किया। कहा जाता है कि यह पैकेज Apple में CEO टिम कुक को छोड़कर बाकी शीर्ष अधिकारियों के वेतन से कहीं ज्यादा था। Bloomberg ने भी पहले रिपोर्ट किया था कि Meta ने पैंग को 200 मिलियन डॉलर से ज्यादा के पैकेज पर नियुक्त किया था।
Meta की सुपरइंटेलिजेंस टीम का पैकेज
सूत्रों का कहना है कि Meta अपनी नई Superintelligence टीम में शामिल अन्य बड़े नामों को भी इसी तरह के आकर्षक पैकेज दे रही है। यह टीम ऐसे AI सिस्टम विकसित करने पर काम कर रही है, जो इंसानी स्तर या उससे आगे की क्षमता हासिल कर सकें।
कागजों पर देखें तो इस यूनिट में मिलने वाला वेतन कॉर्पोरेट अमेरिका के सबसे बड़े पैकेजों में गिना जाता है। कुछ मामलों में यह बड़े वैश्विक बैंकों के CEO के वेतन के बराबर या उससे ज्यादा भी हो सकता है। हालांकि पैकेज का बड़ा हिस्सा परफॉर्मेंस और लंबी अवधि की प्रतिबद्धता से जुड़ा होता है। अगर कर्मचारी जल्दी कंपनी छोड़ दे या Meta का शेयर कमजोर प्रदर्शन करे, तो पूरी रकम नहीं मिल पाती।
पैकेज का स्ट्रक्चर कैसा होता है?
Meta Superintelligence Labs के पैकेज में आमतौर पर बेस सैलरी, साइनिंग बोनस और इक्विटी ग्रांट शामिल होते हैं। इनमें स्टॉक अवॉर्ड सबसे बड़ा हिस्सा होता है। कई बार अगर कोई रिसर्चर किसी स्टार्टअप की बड़ी हिस्सेदारी छोड़कर Meta में आता है, तो साइनिंग बोनस ज्यादा रखा जाता है ताकि उस संभावित नुकसान की भरपाई हो सके।
सिलिकॉन वैली में टैलेंट की जंग
पैंग का OpenAI में जाना यह दिखाता है कि सिलिकॉन वैली में AI टैलेंट के लिए मुकाबला कितना तेज हो गया है। बड़ी टेक कंपनियां शीर्ष AI शोधकर्ताओं को जोड़ने के लिए कई मिलियन डॉलर के ऑफर दे रही हैं। यह दौड़ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के अगले चरण में बढ़त हासिल करने की बड़ी जंग का हिस्सा बन चुकी है।