Paytm News: पेटीएम के चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर और कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के प्रमुख श्रेयय श्रीनिवासन ने पेटीएम छोड़ दिया है। उनका यह इस्तीफा पेटीएम के एंटरटेनमेंट और लाइव टिकटिंग प्लेटफॉर्म insider.in को ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो को बेचे जाने के बाद आया है। श्रीनिवासन इनसाइड के फाउंडर और सीईओ थे। 2,000 करोड़ रुपये का यह सौदा सितंबर तिमाही में पूरा हुआ था और श्रीनिवासन ने अगस्त में ही इनसाइडर में अपना पद छोड़ दिया था और सोमवार को पेटीएम में उनका आखिरी दिन था। श्रेयस ने कैरियर सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर पोस्ट किया है कि अगस्त में जब जोमैटो और पेटीएम एंटरटेनमेंट सौदा हुआ तो उन्हें महसूस हुआ कि यह समय थोड़ा आराम करने का है और उन नई चीजों की तलाश करने का है जिस पर अगले 20 साल तक काम करना है।
श्रेयस ने वर्ष 2010 में एक टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी ओनली मच लाउडर (Only Much Louder) में डायरेक्टर के रूप में काम करना शुरू किया था। वर्ष 2014 में इस कंपनी ने insider.in लॉन्च किया जिसके फाउंडर और सीईओ श्रेयस थे। वर्ष 2017 में पेटीएम ने 35 करोड़ रुपये में इनसाइडर को खरीद लिया और श्रीनिवासन इसके सीईओ बने रहे। पेटीएम ने अपनी एंटरटेनमेंट बिजनेस के तहत ऑनलाइन मूवी टिकटिंग प्लेटफॉर्म TicketNew को भी खरीदा था। अप्रैल 2022 में श्रेयस को पेटीएम में CPO और कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के हेड के रूप में नियुक्त किया गया था।
इनसाइडर के चलते पेटीएम आई मुनाफे में
insider.in की बिक्री से पेटीएम को काफी फायदा मिला। इसके चलते सितंबर तिमाही में पहली बार कंपनी को 930 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 290 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। हालांकि अगर इनसाइडर की बिक्री से हुए मुनाफे को हटा दिया जाए तो सितंबर तिमाही में पेटीएम को 495 करोड़ रुपये का घाटा हुआ, जो पिछले साल की तुलना में 70 फीसदी अधिक था।